बरेली: कुतुबखाना पुल ने जीआईसी में लगाया ब्रेक, इस्लामिया ग्राउंड में सजेगा पटाखा बाजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुल निर्माण की वजह से जीआईसी के ग्राउंड में पटाखा बाजार नहीं लगाए जाने के संबंध में सीएफओ ने भेजी रिपोर्ट

DEMO IMAGE

बरेली, अमृत विचार। दिवाली पर पुलिस-प्रशासन ने शहर में अलग-अलग स्थानों पर तीन दिन तक लगने वाले अस्थाई पटाखा बाजार को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। कुतुबखाना पुल निर्माण की वजह से राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के ग्राउंड पर पहली बार पटाखा बाजार नहीं लगेगा।

यह भी पढ़ें- बरेली: भगोड़ा सिपाही ने सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लोगों से 11 लाख ठगे

अग्निशमन विभाग ने यहां पर्याप्त स्थान नहीं होने पर इस्लामिया इंटर कॉलेज के ग्राउंड को हर लिहाज से सुरक्षित बताते हुए पटाखा बाजार लगवाने की संस्तुति भी की है। इस ग्राउंड को लेकर प्रशासन ने पुलिस से भी रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ शहर के सात अन्य स्थानों पर लगने वाले पटाखा बाजार के संबंध में भी संबंधित थानों से रिपोर्ट मांगी गयी है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्रमोहन शर्मा ने 21 अक्टूबर को नगर मजिस्ट्रेट/प्रभारी अधिकारी शस्त्र को अपनी रिपोर्ट भेजते हुए कहा है कि फुटकर आतिशबाजी विक्रेता कई वर्षों से राजकीय इंटर कॉलेज के ग्राउंड में दुकानें लगाते आ रहे हैं लेकिन इस वर्ष कुतुबखाना पुल निर्माण होने की वजह से स्थान की समस्या हो रही है।

इस कारण फुटकर आतिशबाजी विक्रेताओं ने इस वर्ष इस्लामिया इंटर कॉलेज के ग्राउंड में दुकानें लगाने की अनुमति मांगी थी। इस संबंध में अग्निशमन विभाग की रिपोर्ट मांगी गई। इसमें इस्लामिया इंटर कॉलेज के ग्राउंड में प्रस्तावित आतिशबाजी स्थल का निरीक्षण अग्निशमन अधिकारी सिविल लाइंस से कराया गया।

20 अक्टूबर को मिली उनकी रिपोर्ट के अनुसार आतिशबाजी विक्रय स्थल पर अग्निशमन वाहन आसानी से आवागमन कर सकते हैं। आतिशबाजी विक्रय के लिए स्थान उपयुक्त है। सीएफओ ने इस्लामिया मैदान में आतिशबाजी की दुकानें लगवाने के लिए अपनी संस्तुति भी दी है।

पिछले वर्ष यहां सजी पटाखों की दुकानें
इस बार दिवाली पर 10, 11 और 12 नवंबर को शहर में विभिन्न स्थानों पर पटाखा बाजार सजेगा। महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में आतिशबाजी की फुटकर बिक्री के लिए अस्थाई दुकानें लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। पिछले वर्ष मनोहर भूषण इंटर कॉलेज के मैदान, रामलीला मैदान मॉडल टाउन, तुलसीनगर का मैदान रुहेलखंड विश्वविद्यालय के सामने, सदर बाजार में चर्च के पास सड़क किनारे, रामलीला मैदान हार्टमन कॉलेज के पास,

लोहिया विहार थाना सीबीगंज में खाली पड़ाे मैदान और सुभाषनगर रेलवे स्कूल मैदान में पटाखों की दुकानें लगाई गई थीं। इन स्थलों के संबंध में पुलिस अधीक्षक नगर और मुख्य अग्निशमन अधिकारी से विस्फोटक मानकों के अनुरूप स्थलीय निरीक्षण की रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए कलेक्ट्रेट से पत्र जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें- बरेली: सिटी बसों का देहात के रूट पर समय निर्धारित, जानिए कितने-कितने बजे मिलेंगी बसें

संबंधित समाचार