महोबा: कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर, हादसे में दो बाइक सवारों की मौत
महोबा। महोबा खजुराहो मार्ग पर कांशीराम कॉलोनी तिगैला के पास बाइक और कार में आमने-सामने जोरदार टक्कर होने से बाइक सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेडिकल कॉलेज झांसी के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जनपद हमीरपुर के थाना मझगांव क्षेत्र के ग्राम जड़ाखर निवासी राहुल 16 पुत्र प्रीतम अहिरवार अपने साथी हरेंद्र 17 पुत्र बीरबल साहू के साथ बाइक से थाना लवकुश नगर के ग्राम मिडका गया था। गुरुवार की देर शाम को बाइक से लौटते समय जैसे ही बाइक सवार महोबा जिला मुख्यालय से 4 किलोमीटर पहले खजुराहो मार्ग में स्थित कांशीराम कॉलोनी तिगेला के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार चार पहिया वाहन से टक्कर हो गई।
दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखचे उड़ गए। बाइक सवार दोनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए। जिनकी थोड़ी देर बाद मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बाइक सवारों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दुर्घटना के बाद कार भी सड़क किनारे नाले को पार करके एक गुमटी से टकरा कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रात का समय होने के कारण गुमटी में दुकानदार और ग्राहक न होने से बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के बाद कर सवार सभी लोग कर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और कार सवार चालक की तलाश में पुलिस जुट गई है। सड़क हादसे में दो लोगों की हुई मौत के बाद से मृतक के गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: मतदाताओं के सहयोग से मजबूत होगा लोकतंत्र: डीएम
