हल्द्वानी: वरिष्ठता के आधार पर 7 कनिष्ठ लिपिक बने सहायक यातायात निरीक्षक
हल्द्वानी, अमृत विचार। परिवहन निगम के कुमाऊं मंडल के विभिन्न डिपो में कनिष्ठ लिपिकों को वरिष्ठता के आधार पर पद परिवर्तन कर सहायक यातायात निरीक्षक के पद पर कार्य किये जाने के आदेश पारित किये गये हैं। इस संबंध में मंडलीय प्रबंधक पूजा जोशी ने शुक्रवार को आदेश जारी किया।
आदेश में कहा गया है कि कार्यभार ग्रहण करने के बाद संबंधित कार्मिक सहायक यातायात निरीक्षक के पदनाम से जाने जाएंगे।काठगोदाम डिपो के 4, हल्द्वानी, रामनगर और अल्मोड़ा डिपो के 1 कनिष्ठ लिपिक को सहायक यातायात निरीक्षक के पद पर तैनाती की गई है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद सभी सहायक यातायात निरीक्षकों को निगम मुख्यालय से चेकिंग कोड प्रदान किया जायेगा। आदेश में कहा गया है कि कोड प्राप्त होने तक वह सहायक महाप्रबंधक के निर्देशानुसार ही काम करेंगे।
