लखीमपुर खीरी : डेराबस्सी में बनी बुखार की टेबलेट जांच में हुई फेल
मेडिकल स्टोर स्वामी समेत निर्माता कंपनी को नोटिस जारी
लखीमपुर खीरी, अमृत विचारः जीवनरक्षक दवाएं बनाने वाली कंपनियां लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रही हैं। क्योंकि दवा में मानक के अनुसार कंटेंट (तत्व) का प्रयोग नहीं किया जा रहा है, बल्कि जांच में अधोमानक निकल रही है। ऐसे ही मामले में डेराबस्सी में बनी ऑक्सफोर्ड एसपी नामक टेबलेट का नमूना लैब जांच में फेल हुआ है। ड्रग इंस्पेक्टर सुनील रावत ने मेडिकल स्टोर स्वामी और दवा निर्माता कंपनी को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ड्रग इंस्पेक्टर सुनील रावत ने बताया कि अगस्त में अचाकापुर गांव स्थित लक्ष्य मेडिकल स्टोर से ऑक्सफोड एसपी टेबलेट का नमूना भरा था, जिसे जांच के लिए लैब भेजा गया था। इस दवा का प्रयोग बुखार, बदनदर्द में किया जाता है। लैब से जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिसमें फार्मूला के निर्धारित मानकों के हिसाब से पैरासीटामॉल व एक्लोफेनक का कंटेंट कम पाया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक टेबलेट में पैरासीटामॉल की मात्रा 270.27 मिलीग्राम पाई गई है, जबकि मानक के अनुसार 292.5 मिलीग्राम से 357.5 मिलीग्राम होना चाहिए।
इसी तरह इस टेबलेट के दूसरे तत्व एक्लोफेनक की मात्रा 83.49 मिलीग्राम पाई गई है, जबकि 90 से 110 मिलीग्राम होना चाहिए। इससे दवा रोगियों पर उचित तरीके से कारगर नहीं होगी। इसलिए लक्ष्य मेडिकल स्टोर के स्वामी समेत दवा निर्माता प्रोसीड फार्मूलेशंस रामगढ़-डेराबस्सी रोड डेराबस्सी को नोटिस भेजी गई है। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - लखीमपुर-खीरी: कबीरधाम में पूरी तरह आध्यात्मिक दिखे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
