गोंडा: पीईटी परीक्षा कल से, चार पालियों में 54720 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
परीक्षा को लेकर 30 स्कूलों को बनाया गया है सेंटर
गोंडा, अमृत विचार। प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा (पीईटी) के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। शनिवार व रविवार को चार पालियों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 54720 परीक्षार्थी कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था के बीच परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 13680 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गयी है। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होने वाली इस परीक्षा के लिए 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 37 स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाये गये है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक व दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की तरफ से आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी पहले ही अफसरों के साथ बैठक कर इसकी रूपरेखा तैयार कर चुके हैं। दो दिनों तक होने वाली इस परीक्षा के पहले दिन शनिवार को जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में 27360 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
इसी तरह दूसरे दिन रविवार को भी दोनों पालियों में इतने ही परीक्षार्थी एग्जाम देंगे। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और सकुशल सम्पन्न कराये जाने के लिए स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापकों को जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है। सभी केंद्र सीसीटीवी कैमरे से लैस हैं।
इसके अतिरिक्त परीक्षा के दौरान केंद्र पर किसी प्रकार की कोई समस्या ना होने पाए इसलिए परीक्षा की निगरानी के लिए 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 37 स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाये गये है, जबकि तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट व 15 स्टेटिक मजिस्ट्रेट को रिजर्व में रखा गया है। मजिस्ट्रेट के अलावा सभी केंद्रों पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स की तैनाती रहेगी। सभी संबंधित अधिकारियों व प्रधानाचार्यों को केंद्र पर बिजली, पानी व बैठक व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है।
पीईटी परीक्षा के दृष्टिगत जिले में लागू रहेगा रूट डायवर्जन
प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा के लिये जिले में अयोध्या जनपद से 41486 व बस्ती जिले से 12361 परीक्षार्थी जिले में पहुंचेंगे। इसी तरह जिले के 24415 परीक्षार्थी सीतापुर व बलरामपुर के 8208 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए लखनऊ जायेंगे। इस दौरान आने जाने वाले परीक्षार्थियों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े इसके लिए पुलिस महकमें के तरफ से जिले में दो दिनों तक रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।
परीक्षा के दौरान शनिवार व रविवार को अय़ोध्या से नवाबगंज गोण्डा होकर बलरामपुर व श्रावस्ती जाने वाले सभी भारी वाहनों को कोल्हमपुर मोड़ थाना नवाबंगज से डायवर्ट कराकर मनकापुर-उतरौला के रास्ते भेजा जायेगा। बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती से गोण्डा आने वाले सभी भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन जनपद में प्रतिबन्धित रहेगा।
बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती से चलकर गोण्डा के रास्ते अय़ोध्या को जाने वाले भारी वाहन उतरौला-मनकापुर के रास्ते अयोध्या जा सकेंगे। बलरामपुर से गोण्डा होते हुए लखनऊ जाने वाले भारी वाहन बलरामपुर से ही श्रावस्ती व पयागपुर के रास्ते लखनऊ जा सकेंगे। उतरौला बलरामपुर से लखनऊ जाने वाले परीक्षार्थियों के हल्के वाहनों को आर्यनगर, कटरा बाजार व कर्नलगंज के रास्ते लखनऊ भेजा जायेगा। यह डायवर्जन रात 12 बजे से प्रभावी हो जायेगा।
ये भी पढ़ें -देश की अर्थव्यवस्था में रहा अरविंद भाई का योगदान : पीएम मोदी
