रामपुर: भाजपा नेता के घर भी मारा आयकर विभाग ने छापा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सपा सरकार में भाजपा नेता ने लिए थे खूब ठेके

फोटो- भाजपा नेता नन्हेराम पांडेय के आवास के बाहर खड़ीं आयकर विभाग की गाड़ियां।

मिलक, अमृत विचार। आजम खां के करीबियों में मिलक के भाजपा नेता ठेकेदार नन्हेराम पांडेय का भी नाम शामिल था। शुक्रवार को टीम ने नन्हेराम के घर भी छापा मारा। जानकारी के मुताबिक सपा सरकार में ठेकेदार ने खूब ठेके लिए थे।

नगर के स्टेशन रोड निवासी नन्हेराम पांडेय क्लास वन के ठेकेदार हैं। पिछले 25 वर्षों से ठेकेदारी का कार्य कर रहे हैं, प्रत्येक सरकारी विभाग में वह पंजीकृत हैं। शुक्रवार सुबह आठ बजे बरेली आयकर विभाग के आयुक्त के नेतृत्व में नौ सदस्यी टीम मिलक नगर में दाखिल हुई और ठीक नौ बजे नन्हेराम पांडेय के घर पहुंच गई।

घर में प्रवेश करते ही घर में मौजूद सभी सदस्यों को हिरासत में लेते हुए पूरे घर की नाकाबंदी कर दी। सभी के मोबाइल कब्जे में ले लिए और पूछताछ के साथ घर की छानबीन शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक आयकर विभाग की कार्रवाई जारी थी। वर्तमान में नन्हेराम पांडेय भाजपा के नगर महामंत्री हैं।

ठेकेदार ने आयकर विभाग की टीम को बताया फर्जी
अचानक घर में घुसी आयकर विभाग की टीम देख ठेकेदार नन्हेराम पांडेय के पैरों तले की जमीन खिसक गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके घर मे घुसी टीम फर्जी है। उन्होंने टीम की जांच के लिए पुलिस की मदद ली। सूचना पर पहुंचे कोतवाल भानु सिंह ने टीम के अधिकारियों से वार्तालाप की और पुलिस बल तैनात कर वापस लौट गए। ठेकेदार के घर मे अचानक पहुंची आयकर विभाग की टीम को देख स्थानीय भाजपा के नेताओं ने टीम पर रौब जमाने के उद्देश्य से घर मे प्रवेश करना चाहा लेकिन, उन्हें घर मे प्रवेश नहीं मिला।

विभिन्न तकनीक की मशीनें कर रही हैं घर की जांच
आयकर विभाग की टीम पूरे घर की छानबीन करने के लिए विभिन्न प्रकार की मशीनें साथ में लाईं थी। जिनकी मदद से पूरे घर को खंगाला जा रहा है। सूत्रों की माने तो दीवारों एवं फर्श का एक्स-रे करने वाली मशीनों से घर की जांच की जा रही है

एक सप्ताह पूर्व जीएसटी टीम ने भी की थी पूछताछ
ठेकेदार के घर आयकर विभाग की छापेमारी से करीब एक सप्ताह पूर्व जीएसटी टीम भी मिलक पहुंची थी और ठेकेदार से गहन पूछताछ की थी। पूछताछ की बाद टीम अपने गंतव्य को रवाना हो गई थी। ठेकेदार के आयकर विभाग की रेड का मामला स्थानीय लोग पूर्व मंत्री आजम खां से जोड़ रहे हैं। कयास लगा रहे हैं कि नन्हेराम पांडेय द्वारा सपा शासनकाल में बड़े पैमाने पर ठेकेदारी की गई थी और जौहर यूनिवर्सिटी ट्रस्ट के नाम मोटी रकम दान में दी गई होगी।

यह भी पढ़ें- रामपुर: खौदकला में गला रेत कर युवक की हत्या, मौके से अधजला मिला शव

संबंधित समाचार