बरेली: एक और ऑडियो वायरल...सटोरिए से साठगांठ में और घिरी एसओजी, SSP ने दिया जांच का आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एसएसपी ने दिया जांच का आदेश, क्राइम ब्रांच के तीन साल पुराने वसूली मामली की भी रिपोर्ट तलब की

बरेली, अमृत विचार। सटोरियों और एसओजी के सिपाहियों की साठगांठ की ओर इशारा करने वाला शुक्रवार को एक और ऑडियो वायरल हो गया। एसएसपी ने इसकी भी जांच का आदेश दिया है। उन्होंने इसके साथ तीन साल पुराने उस मामले की भी रिपोर्ट तलब की है, जब एक वीडियो वायरल होने के बाद क्राइम ब्रांच की पूरी टीम के सटोरियों के साथ खनन माफिया और शराब-पशु तस्करों से वसूली करने का मामला उजागर हुआ था।

पुलिस महकमा एक बार फिर भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोपों में घिर गया है। दो दिन पहले एसपी ट्रैफिक के अधीन यूपी-112 में साहब से मनचाही तैनाती कराने के नाम पर वसूली के आरोप में सिपाही के निलंबन के ऐन बाद बृहस्पतिवार को एसओजी में तैनात सिपाहियों से साठगांठ का दावा कर रहा सटोरिए का ऑडियो वायरल हो गया।

अब शुक्रवार को इसी सटोरिए का एक और ऑडियो वायरल हुआ है। दो मिनट 23 सेकेंड के इस ऑडियो में सट्टेबाज दावा कर रहा है कि उसकी एसओजी के साथ सभी जगह पूरी सेटिंग है। सभी को पैसे दिए जा रहे हैं। इस ऑडियों में मोहित और शकील नाम के दो सिपाहियों का उसने नाम भी लिया है।

बता दें कि इससे पहले 2020 में क्राइम ब्रांच के हर महीने एक से दो लाख रुपये तक की वसूली का मामला वायरल हुए कई वीडियो से उजागर हुआ था। इन वीडियो में क्राइम ब्रांच में तैनात पुलिसकर्मी वसूली की रकम का बंटवारा करते नजर आ रहे थे। यह रकम सटोरियों, शराब और पशु तस्करों के साथ खनन माफिया से वसूल की गई थी। एसएसपी ने इस मामले की भी रिपोर्ट तलब की है।

प्रकरण की जांच का आदेश दिया है। वायरल ऑडियो में जिन पुलिस कर्मियों के नाम लिए जा रहे हैं, वे अगर जांच में दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सट्टेबाजों के खिलाफ भी पुलिस अभियान चलाएगी--- घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी।

यह भी पढ़ें- बरेली: अतीक के गुर्गों ने व्यापारी को दी जान से मारने की धमकी

संबंधित समाचार