बहराइच: हॉस्पिटल के मैनेजर पर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, पैर में लगी गोली, हड़कंप
बहराइच, अमृत विचार। शहर में स्थित इंडिया हॉस्पिटल के मैनेजर पर शुक्रवार रात को बाइक सवार बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की। मैनेजर के पैर में गोली लगी है। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। फायरिंग की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।
शहर में अस्पताल चौराहे पर एसपी आवास रोड पर इंडिया हॉस्पिटल का संचालन होता है। हॉस्पिटल के मैनेजर कोतवाली देहात क्षेत्र के धरसवा गांव निवासी विनीत सिंह पुत्र ओम प्रकाश सिंह मैनेजर के पद पर तैनात हैं। विनीत सिंह शुक्रवार रात 11 बजे को अस्पताल के सामने टीबी क्लीनिक के सामने खड़े थे। तभी बाइक सवार दो लोग आए। सभी ने नाम पूछा। इसके बाद फायरिंग शुरू कर दी।
जिला अस्पताल में भर्ती विनीत सिंह ने बताया कि बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की है। गोली मैनेजर के पैर में लगी है। पीआरबी के सिपाहियों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर भरत पांडेय ने बताया कि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर गोलीकांड की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर राजीव सिसोदिया, कोतवाल देहात मनोज कुमार पांडेय ने मौके का मुआयना किया। कोतवाल मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर अभी नहीं मिली है। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे। सीओ ने बताया कि मैनेजर बार बार बयान बदल रहा है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर सीएम योगी ने उन्हें किया नमन, प्रदेशवासियों को दी बधाई
