हल्द्वानी: सील हो चुके स्कूल के बच्चों को खालसा कॉलेज में मिलेगा दाखिला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सरकारी मान्यता के बिना गैर कानूनी ढंग से चल रहे न्यू हेरिटेज स्कूल के बच्चों को खालसा इंटर कॉलेज में प्रवेश दिलाया जाएगा।

मंडलायुक्त दीपक रावत के जन मिलन में त्रिलोचन सिंह ने शिकायत करते हुए बताया था कि जितेंद्र वर्मा ने उनका सुभाष नगर स्थित भवन किराए पर लिया है। वर्मा ने पिछले 2 सालों से किराया नहीं दिया है। इस पर मंडलायुक्त ने वर्मा को समय दिया था लेकिन उन्होंने पर्याप्त समय मिलने के बाद भी किराया नहीं दिया।

इस पर मंडलायुक्त ने किराएदार को मकान खाली करने के आदेश दिए थे। इधर, जांच में पता चला था कि  जितेंद्र वर्मा इस भवन में न्यू हेरिटेज स्कूल संचालित करते है जो की आठवीं तक है। स्कूल में लगभग 70 बच्चे पढ़ते हैं। जांच में यह भी पता चला कि स्कूल बिना मान्यता के संचालित हो रहा है। इस पर मंडलायुक्त ने खंड शिक्षा अधिकारी को नियम विरुद्ध स्कूल संचालन पर वर्मा के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

उधर, शिक्षा विभाग ने न्यू हेरिटेज स्कूल को सील कर दिया था। साथ ही जुर्माने की भी कार्रवाई की गई है। अब बच्चों के सामने संकट था कि शिक्षण सत्र के बीच में उन्हें एडमिशन कोई स्कूल नहीं देगा। इस पर प्रशासन ने सभी बच्चों बच्चों के भविष्य को देखते हुए उन्हें खालसा इंटर कॉलेज में दाखिला दिलाने का फैसला किया है। प्रशासन ने इस बाबत स्कूल भवन, दरवाजे पर एक पोस्टर भी चस्पा कर दिया है। 


अभिभावकों को चिंता थी कि शिक्षण सत्र के बीच में कोई स्कूल बच्चों को प्रवेश नहीं देगा। इसलिए हमने फैसला किया है कि सभी बच्चों को खालसा इंटर कॉलेज में दाखिला दिया जाएगा। जो भी अभिभावक प्रवेश लेना चाहते हैं खालसा कॉलेज में संपर्क कर सकते हैं। यदि कोई दिक्कत है तो सीधे नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं। 
-ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी 

संबंधित समाचार