लखनऊ : वरिष्ठ साहित्यकार रघोत्तम शुक्ल सम्मानित
लखनऊ, अमृत विचार। साप्ताहिक "ब्रह्म पीयूष" पत्र ने अपने सफल दो दशकों की यात्रा सम्पन्न होने पर राजधानी स्थित लोक निर्माण विभाग मुख्यालय भवन के 'डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के हाल में एक समारोह आयोजित किया। इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाली कुछ विभूतियों को सम्मानित किया गया। इन विभूतियों में पत्र के प्रवेशांक निकलने के दिन से इससे जुड़े रहे 83 वर्षीय वरिष्ठ साहित्थकार रघोत्तम शुक्ल का नाम प्रमुख है। इसके अलावा अन्य सम्मानित की गई विभूतियों में पत्रकारगण श्रीधर अग्निहोत्री, राजवीरसिंह, संदीप मिश्रा, न्यूरो सर्जन डा.ईश्वर शरण,महिला उद्यमी मोनिका मिश्रा,,समाजसेवी रामबाबू द्विवेदी एवं श्रीमती गीता सोढी का नाम शामिल है।
इस कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा थे। कार्यक्रम के अध्यक्ष सूचना विभाग के पूर्व अधिकारी राजेश राय थे। उन्होंने अंगवस्त्र व प्रमाण पत्र देकर सभी विभूतियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर 'ब्रह्म पीयूष' न्यूज़ ग्रुप की समूह सम्पादक रुचि त्रिपाठी ने विस्तार से बताया कि किस प्रकार पहले मासिक पत्रिका के रूप में शुरू होकर इस संस्था में साप्ताहिक पत्र जुड़ा और अब एक न्यूज़ चैनल भी ग्रुप का हिस्सा बन गया है। कार्यक्रम में एक अन्य न्यूज़ चैनल के उप प्रमुख अनूप त्रिपाठी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -POSUPCON-2023 : हड्डियों की बीमारी और इलाज पर चर्चा करने राजधानी में जुटेंगे पीडियाट्रिक आर्थोपेडिक सर्जन
