संभल: प्रेमी के घर पहुंची प्रेमिका को घर में बंद कर भागे परिजन, निकाह के लिए शुरू हुई पंचायत
पुलिस ने छत के रास्ते घर में जाकर युवती को निकाला
संभल/रजपुरा, अमृत विचार। आधी रात प्रेमिका प्रेमी के घर पहुंच गई तो परिजनों ने उसे बंधक बना लिया। युवक और उसके परिजन युवती को घर में बंदकर ताला लगाकर फरार हो गए। युवती के परिजनों की शिकायत पर पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने छत के रास्ते घर में दाखिल होकर युवती को बाहर निकाला। युवती के पिता ने दूसरे पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं निकाह के लिए पंचायत भी शुरू हो गई है।
रजपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक और युवती के बीच चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। शुक्रवार को देर रात युवती युवक के घर पहुंच गई। इसकी जानकारी युवक के परिजनों को हो गई। युवक के परिजनों ने युवती को घर में बंद कर दिया। युवक और उसके परिजनों ने बाहर से ताला लगाया और भाग गए। इसके बाद युवती के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पड़ोसी की छत पर चढ़कर युवक के घर में दाखिल हुई और युवती को बाहर निकाला। पुलिस ने थाने लाकर युवती से पूछताछ की। युवती के पिता ने दूसरे पक्ष के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। मामला पुलिस तक पहुंचने पर पंचायत शुरू हो गई। जिसमें युवक और युवती का निकाह कराने को लेकर बात होती रही। बताया गया कि पंचायत ने निकाह के लिए बुधवार का दिन तय किया। थाना प्रभारी निरीक्षक अमृतलाल ने बताया कि मामला शादी के विवाद का है। युवती युवक के घर पहुंच गई थी। दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर वार्ता चल रही है।
ये भी पढ़ें:- संभल: खेत की जुताई करते समय करंट से झुलसे दो किसान, हालत गंभीर
