मुरादाबाद : बेटी की शादी के लालच में ठगी का शिकार हो गया पिता, अपनों ने दिया धोखा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

व्यापारिक संबंधों का फायदा उठाकर उधम सिंह नगर के मैकेनिक ने बिटिया के पिता को ठगा, तोड़ दी शादी

मुरादाबाद, अमृत विचार। बेटी की शादी तय कराने में अपनों ने ही धोखा दिया और युवती का पिता ठगी का शिकार हो गया। निकाह की तारीख पक्की हो गई थी। निमंत्रण कार्ड बंट गए थे। शादी समारोह का स्थल भी बुक हो गया था। लेकिन, वक्त आने पर बरात आई न ही निकाह हुआ। युवती के हाथ में मेहंदी लगी रह गई और घर में मातम सा माहौल था। ये मामला कांठ थाना क्षेत्र के गांव का है। इस मामले में पीड़ित पिता ने शनिवार को उधम सिंह नगर के बाजपुर के हरलालपुर निवासी पांच लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। इनमें आसिम रजा और उसके भाई हनीफ व नाजिम के साथ ही पिता सद्दीक और एक अन्य कश्मीरी को नामजद किया है।

ठगों से पीड़ित बिटिया के पिता ने बताया कि उसके परिवार में चार बेटियां और दो बेटे हैं। निकाह सबसे बड़ी बेटी का होना था। पीड़ित ने जनरेटर-मोटर मरम्मत का कार्य कर निकाह के लिए धनराशि जुटाई थी। निकाह की 7 मई की तारीख पक्की हुई थी लेकिन, घर में बरात नहीं आई तो उसने बिटिया की होने वाली ससुराल में फोन पर कारण पूछा। होने वाले दामाद आसिम रजा के बड़े भाई हनीफ ने सही जवाब नहीं दिया। बाद में पता चला कि आसिम का 20 मई को ठाकुरद्वारा में किसी परिवार की बेटी से निकाह हो गया है।

 पीड़ित ने बताया कि निकाह में 10 लाख रुपये खर्च करना तय हुआ था। रीति-रिवाज के अनुसार आसिम को 10 हजार रुपये नकद, 32 हजार रुपये की सोने की अंगूठी भी दी थी। 18 नवंबर 2022 को पांच लाख रुपये भी नकद दिए थे। 10 हजार रुपये देकर बैंक्वेट हॉल बुक कराया था। इस दौरान आसिम को उन्होंने 75 हजार रुपये, सामान व कपड़े खरीदकर दिए थे। किसी कार्य के लिए हनीफ ने पीड़ित से 2.40 लाख रुपये उधार मांगे तो वह भी दिए थे। 

7 मई को निकाह होना तय हुआ था। इसकी सभी तैयारियां पूरी हो गई थी। तय समय पर जब बरात नहीं आई तो उन्हें अपमान झेलना पड़ा है। निकाह तय करने वाले गाजियाबाद के आरिफ, मुरादनगर के तफसीर से दहेज में दिया नकद रुपया व सामान वापस करने को कहा। इसके बाद हनीफ, आसिम रजा ने पीड़ित को धमकी देने लगे। कांठ थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। एफआईआर दर्ज की है। कार्रवाई कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : जीएस और गणित के सवालों में उलझे परीक्षार्थी, 17, 664 रहे अनुपस्थित

संबंधित समाचार