बांदा: जलशक्ति राज्यमंत्री ने किया खादी व ग्रामोद्योग उत्पाद प्रदर्शनी का शुभारंभ
बांदा, अमृत विचार। स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरुकता और उत्कृष्ट स्वदेशी खादी उत्पादों को बढ़ावा देना के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की 15 दिवसीय मंडलीय प्रदर्शनी का राज्यमंत्री ने विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया। जहीर क्लब ग्राउंड में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
इसके उपरांत उन्होंने जिलाधिकारी श्रीमती दुर्गा शक्ति नागपाल के साथ प्रदर्शनी में लगाए गए स्टालों का गहनता से निरीक्षण करते हुए खादी ग्रामोद्योग, माटी कला एवं अन्य उत्पादों का निरीक्षण किया। इस मौके पर जलशक्ति राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री ग्राम उद्योग योजना के अंतर्गत 25 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जाता है। माटी कला की योजना में 70 विद्युत चलित चाक का वितरण पात्र लाभार्थियों को चयनित कर किया जाएगा।
जिलाधिकारी दुर्गाशक्ति नागपाल ने बताया कि खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा जहीर क्लब के मैदान में आयोजित की जा रही प्रदर्शनी 21 नवंबर तक चलेगी।प्रदर्शनी में आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट स्वदेशी खादी एवं ग्रामोद्योग के उत्पादों को बढ़ाने के लिए यह प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। विभिन्न प्रकार के खादी उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ-साथ खादी वस्त्रों की बिक्री भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में विभागीय स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी भी पोस्टर व पंपलेट आदि के माध्यम से लोगों को प्रदान की जाएगी। कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरुकता लाना और उत्कृष्ट स्वदेशी खादी उत्पादों को बढ़ावा देना है। खादी ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनी में विभिन्न उत्पादों एवं सूती, सिल्क उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। इसमें ललितपुर, प्रतापगढ़, झांसी, मऊ व जालौन आदि जनपदों के खादी ग्रामोद्योग से जुड़े उद्यमी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे।
जिसमें साहस समिति के द्वारा मोटे अनाज के उत्पादों के द्वारा विभिन्न व्यंजनों का प्रदर्शन, माटी कला उद्योग, हरिओम रेडीमेड वस्त्र गोरखपुर, केन हस्तशिल्प उत्पादन समिति, अनन्या शजर हस्तशिल्प, देशराज खादी मऊरानीपुर के हस्तशिल्प एवं अन्य ग्राम उद्योग से जुड़े सीतापुर की दरी, प्रतापगढ़ के उत्पाद विभिन्न उत्पादों के साथ ग्रामोद्योग से जुड़े विभिन्न उत्पादों के स्टाल लगाए गए हैं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, उद्यमी मनोज जैन, दिलीप गुप्ता सहित जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी राजिंदर कौर आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -अमेठी में मृत गाय को ट्रैक्टर से बांधकर घसीटा, वीडियो वायरल
