बरेली: प्रबंध निदेशक निरीक्षण करने अचानक पहुंचे, वसूली बढ़ाने के दिए निर्देश
चीफ और एसई के साथ की बैठक
बरेली, अमृत विचार। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक भवानी सिंह शनिवार जिले में अचानक निरीक्षण करने के लिए पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने बेहतर बिजली सप्लाई, उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय से समाधान करने और बकाया वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।
सुबह 9 बजे प्रबंधक निदेशक रामपुर गार्डन स्थित अधीक्षण अभियंता विकास सिंघल के कार्यालय पहुंच गए। इससे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर मुख्य अभियंता रणविजय सिंह भी अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंच गए। प्रबंधक निदेशक ने बैठक में अफसरों को बकाया वसूली लक्ष्य और शहर में होने वाले कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
अधीक्षण अभियंता विकास सिंघल, अधिशासी अभियंता, अनुज गुप्ता, सत्येन्द्र चौहान, गौरव शुक्ला, अमित आनंद मौजूद रहे। वहीं, उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार चौरसिया के साथ भी बैठक की। जिले में लक्ष्य के अनुसार बकाया बिल वसूली नहीं होने पर पिछले दिनों बिजली विभाग के चेयरमैन आशीष गोयल ने अधीक्षण अभियंता विकास सिंघल के साथ शहरी क्षेत्र के चारों अधिशासी अभियंता को लखनऊ तलब कर जमकर फटकार लगाई थी। उन्होंने प्रबंध निदेशक को जिले में जाकर निरीक्षण कर रिपोर्ट देने को कहा था।
ये भी पढ़ें- बरेली: डेंगू के बढ़ते प्रकोप और निजी लैबों में लापरवाही पर लगे अंकुश
