बरेली: रेल सम्पत्ति चोरी में पूर्व पार्षद और रेल कर्मी गिरफ्तार
कबाड़ की दुकान चलाता है सपा का पूर्व पार्षद, खरीद रहा था चोरी का लोहा
बरेली, अमृत विचार। आरपीएफ ने रेलवे का लोहा चोरी मामले में शनिवार को सपा के पूर्व पार्षद और एक रेलवे कर्मचारी को गिरफ्तार किया। सपा नेता को छुड़ाने के लिए कई लोग पहुंचे लेकिन बात नहीं बनी। आरपीएफ ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक मनोज यादव ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी कि एक व्यक्ति रेलवे का लोहा माल गोदाम रोड पर फुटपाथ पर कबाड़ की दुकान पर बेचने ले जा रहा है। स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर प्रदीप निवासी चुरई दलतपुर मीरगंज को पकड़ लिया। उसके पास से प्लास्टिक कट्टे में रेलवे के फेंशिग टाईबार के आठ टुकड़े बरामद किए। इनका वजन 21.6 किलोग्राम था।
आरोपी प्रदीप कुमार ने पूछताछ में बताया कि वह स्टेशन के कैरीज एंड वैगन विभाग में बतौर टेक्नीशियन कार्यरत है। उसे काफी दिनों से वेतन नहीं मिल रहा है। वह शराब की लत को पूरा करने के लिए रेलवे का लोहा बेचता है। जिस कबाड़ की दुकान से लोहा बरामद किया वो सपा के पूर्व पार्षद अब्दुल जब्बार की है। प्रदीप और अब्दुल जब्बार के खिलाफ रेल संपत्ति अवैध कब्जा अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ये भी पढ़ें- बरेली: पूर्व नौसैनिकों की रिहाई को कदम उठाए सरकार- शहाबुद्दीन रजवी
