हल्द्वानी: टांडा जंगल में तोड़ी तिजोरी, माल ले गए मध्य प्रदेश
हल्द्वानी, अमृत विचार। महिंद्रा शोरूम से चोरी हुई तिजारों को चोरों ने टांडा के जंगल में तोड़ा और लाखों का कैश लेकर मध्य प्रदेश फरार हो गए। पुलिस एक टीम इन शातिरों की तलाश में मध्य प्रदेश में कर रही है। चोरों के मध्य प्रदेश में होने का खुलासा एक फोन कॉल से हुआ। हालांकि पुलिस अब भी चोरों से बहुत दूर है।
पालम सिटी निवासी संजय अग्रवाल उर्फ गोलू का रामपुर रोड पर बजरंग मोटर्स के नाम से महिंद्रा के चौपहिया वाहनों का शोरूम है। बीती 14 अक्टूबर की रात कार सवार चोर शोरूम में दाखिल हुए और करीब दो कुंतल की तिजोरी लेकर फरार हो गए। घटना के कई दिन बाद टांडा के जंगल से पुलिस को टूटी हुई तिजोरी मिली।
हालांकि पुलिस अब भी इस बात को स्वीकार नहीं करती। वहीं सूत्रों का कहना है कि चोरी की रात एक चोर के मोबाइल पर मध्य प्रदेश से फोन आया और पुलिस की सर्विलांस टीम ने इसे ट्रैक कर लिया। जिसके बाद एक टीम को चोरों की तलाश में मध्य प्रदेश रवाना कर दिया गया। घटना के अगले दिन शोरूम मालिक ने तिजोरी में 25-30 लाख रुपये का होने का अनुमान लगाया था, लेकिन दर्ज मुकदमे में रुपयों का जिक्र नहीं किया गया।
जिस पर भरोसा नहीं, उन्हें ही पकड़ने भेजा
हल्द्वानी : रिवर व्यू रिसॉर्ट में पुलिस के साथ छापेमारी करने वाली एसओजी की पूरी की पूरी टीम को एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने भंग कर दी थी। सभी को थानों से अटैच कर दिया था। अब बताया जा रहा है कि एसएसपी ने जिस एसओजी टीम को भंग किया था, उसी टीम के कुछ लोगों को चोरों को पकड़ने के लिए मध्य प्रदेश भेजा है। एसओजी टीम को महिंद्रा शोरूम में चोरी के अगले दिन भंग किया गया था।
