Kannauj News: संदिग्ध हालात में मजदूर की मौत, परिजनो ने लगाया गांव के युवक पर आरोप, जांच में जुटी पुलिस
कन्नौज में संदिग्ध हालात में मजदूर की मौत।
कन्नौज में संदिग्ध हालात में मजदूर की मौत हो गई। परिजनों ने कच्ची शराब पीने से मौत होने का आरोप लगाया। एसपी ने प्रथमदृष्टया शराब के कारण मौत की बात नकारी है। उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही।
कन्नौज, अमृत विचार। छिबरामऊ क्षेत्र में एक मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोमवार की सुबह ग्राम कल्यानपुर के बाहर एक खेत में उसका शव मिला। पत्नी ने गांव के ही व्यक्ति पर उसे कच्ची शराब पिलाने तथा इसी कारण मौत का आरोप लगाया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरवा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में एसपी ने प्रथमदृष्टया शराब के कारण मौत की बात नकारी है। उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कल्यानपुर निवासी रितेश शर्मा पुत्र घनश्याम शर्मा (45) मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। सोमवार की सुबह उसका शव गांव के बाहर राकेश भूमला के खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक की पत्नी उपासना का आरोप है कि रविवार की सुबह गांव का ही निवासी एक व्यक्ति अपने खेत में काम कराने के लिए उसे अपने साथ ले गया था, लेकिन पति देर रात तक घर नहीं लौटा।
उसीने रितेश को कच्ची शराब पिलाई होगी, जिससे देर रात हालत बिगड़ गई और वहीं खेत पर गिरकर मौत हो गई। पीड़िता का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस उस पर कोई कार्रवाई नहीं करती है, जिससे गांव के कई लोग कच्ची शराब के आदी हो चुके हैं। घटना के बाद से मृतक की पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रधान प्रतिभा मिश्रा का कहना है कि आरोपी गांव में लगातार कच्ची शराब का धंधा कर रहा है। इसकी शिकायत कई बार आला अधिकारियों से भी की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे में एक मजदूर की कच्ची शराब पीने से मौत हो गई। कहा कि 10 दिन पहले शिकायत करने पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा था, लेकिन नेताओं के फोन आने के बाद उसे छोड़ दिया गया। इससे वह दबंगई दिखाकर गांव में कच्ची शराब का धंधा खुलेआम कर रहा है।
पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की होती तो शायद युवक की जान नहीं जाती। ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों ने उक्त व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई न होने पर उन्होंने पर इसकी शिकायत सीधे मुख्यमंत्री से करने की बात कही है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक साक्ष्य एकत्रण की कार्यवाही में जहरीली शराब की बात सामने नहीं आई है। ऐसा प्रतीत होता है, कि बिना तथ्यों की जानकारी किये ट्वीट किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारण के संबंध में कहा जा सकता है। तथ्यों के आधार पर विधिक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाएगी।
