Unnao News: जमीनी विवाद में सुनवाई न होने पर आत्मदाह करने कलक्ट्रेट पहुंचा बुजुर्ग, दी यह धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में आत्मदाह के इरादे से डीजल लेकर कलक्ट्रेट पहुंचा वृद्ध।

उन्नाव में आत्मदाह के इरादे से डीजल लेकर कलक्ट्रेट वृद्ध पहुंचा। गेट पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने चेकिंग के दौरान उसे पकड़ लिया।

उन्नाव, अमृत विचार। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के छत्ताखेड़ा केवाना गांव निवासी वृद्व  कलक्ट्रेट में एक प्लास्टिक के डब्बे मे डीजल लेकर पहुंच गया। गेट पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने चेकिंग के दौरान उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने जमीनी विवाद में सुनवाई न होने पर आत्मदाह करने कलक्ट्रेट पहुंचने की बात कही। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने उससे डीजल की बोतल छीन ली। इस दौरान परिसर में अफरा-तफरी मच गई। राजस्व अधिकारियों ने बताया कि मामला आबादी की जमीन का है। जांच की जा चुकी है। पूरा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। 

अजगैन कोतवाली क्षेत्र के गांव केवाना के मजरे छत्ताखेड़ा निवासी शिवपाल ने बीते दिनों डीएम को दिये एक प्रार्थनापत्र में बताया था कि काफी समय से आबादी की जमीन पर उसका कब्जा था। वहां जानवरों की चरही बनी थी और कूड़ा भी डाला जाता था। इसके बाद गांव के प्रधान पुत्र राकेश व दबगों ने उसकी जमीन किसी दूसरे को दे दी।

इसका दीवानी में मुकदमा भी चल रहा है। अगर उसे जमीन वापस नहीं मिली तो वह डीएम कार्यालय के बाहर आत्मदाह कर लेगा। आरोप है कि सुनवाई न होने पर वह सोमवार को ज्वलनशील पदार्थ लेकर कलक्ट्रेट पहुंच गया लेकिन चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया और घटना होने से बच गयी।

पीड़ित द्वारा उठाये गये इस कदम से अफसरों ने उसकी समस्या सुन कार्यवाही का आश्वासन दिया है। एसडीएम हसनगंज नवीन ने बताया कि आबादी के अंदर का मामला है। शिवपाल ने पहले राकेश को जमीन बेची थी। जिस पर उसने निर्माण कराया है। जांच कराई जा चुकी है। प्रकरण सिविल न्यायालय में विचाराधीन है। फिलहाल वहां पर निर्माण कार्य बंद करा दिया गया है।

अजगैन कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि थाना समाधान दिवस मे प्रार्थनापत्र दिया गया था। मामला राजस्व विभाग से जुड़ा होने के चलते संबंधित विभाग द्वारा कार्यवाही की जा चुकी है। हालांकि पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए डीएम ने सीओ व एसडीएम हसनगंज को संयुक्त रूप से जांच सौंपी है।

ये भी पढ़ें- Unnao News: नाबालिग को अगवाकर किया दुष्कर्म… होश पर खुद को पाया अस्त-व्यस्त, ये है पूरा मामला

संबंधित समाचार