रुद्रपुर: महिला से मारपीट करने के आरोपी दरोगा के खिलाफ जांच शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। रम्पुरा में एक महिला के साथ अभद्रता व मारपीट करने के मामले में लाइन हाजिर किए गए दरोगा के खिलाफ जांच शुरू हो गई। एसएसपी के आदेश पर यह जांच एसपी सिटी कर रहे हैं।

यहां बता दें कि पिछले दिनों रम्पुरा निवासी अनिल कोली पुत्र स्व. लेखराज ने घर पर गले में फंदा लगाकर जान दे दी थी। मृतक के परिजनों का आरोप था कि मोबाइल चोरी के आरोप में पुलिस ने अनिल कोली से पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान उसे प्रताड़ित किया गया था‌।

इससे क्षुब्ध होकर अनिल ने आत्महत्या कर ली थी। परिजनों ने पुलिस पर रुपए लेकर छोड़ने का भी आरोप लगाया। वहीं युवक की मौत की सूचना पर दरोगा विपुल जोशी मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान मृतक की भाभी ने दरोगा पर उसके साथ अभद्रता व मारपीट करने का आरोप लगाया था। साथ ही दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली में धरना भी दिया था।

कोतवाल विक्रम राठौर के आश्वासन पर लोग कोतवाली से चले गए थे। बाद में एसएसपी ने दरोगा को लाइन हाजिर कर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल को जांच के आदेश दिये थे। एसपी सिटी ने बताया कि मृतक को मोबाइल चोरी के आरोप में रम्पुरा पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। रात को उसे उसके भाई के सुपुर्द कर दिया था। घर जाकर उसने आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि एसएसपी के आदेश पर आरोपी दरोगा पर लगे आरोपों की जांच शुरू कर दी।

संबंधित समाचार