काशीपुर: ठंड का सीजन शुरू होते ही बढ़ने लगा वायु प्रदूषण
काशीपुर, अमृत विचार। ठंड का सीजन शुरू होने के साथ ही प्रदूषण के ग्राफ में भी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। हालांकि अभी प्रदूषण का मानक चेतावनी से नीचे है। पीसीबी के अधिकारी लगातार प्रदूषण की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
ऊधम सिंह नगर जिले में काशीपुर में उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) का क्षेत्रीय कार्यालय है। पूरे जिले में नदियों और वायु प्रदूषण की मॉनिटरिंग यहीं से की जाती है। वायु प्रदूषण को मापने के लिये रुद्रपुर और काशीपुर में विभाग द्वारा मैनुअल स्टेशन स्थापित किये गये हैं।
वहीं काशीपुर में भी ऑनलाइन स्टेशन जीजीआईसी में स्थापित किया गया है। विभाग द्वारा प्रतिमाह इन स्टेशनों के माध्यम से प्रदूषण का स्तर मापा जाता है। हालांकि काशीपुर और रुद्रपुर में वायु प्रदूषण 100 पीएम10 से अधिक ही मापा गया है, लेकिन वायु प्रदूषण चेतावनी स्तर तक नहीं पहुंच पाता है।
अक्टूबर माह में मैनुअल स्टेशन से वायु प्रदूषण का डाटा लेने पर औसत 120 पीएम 10 मिला। वहीं ऑनलाइन स्टेशन से डाटा एकत्रित करने पर यह सामान्य से बढ़कर 155-156 पीएम 10 प्राप्त हुआ। पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी नरेश गोस्वामी ने बताया कि जीजीआईसी में स्थापित ऑनलाइन स्टेशन के करीब ही स्कूल में पिछले एक महीने से निर्माण कार्य चल रहा है। जिससे वहां धूल कणों की मात्रा अधिक है, क्योंकि स्टेशन के नजदीक होने के कारण यह मानक से अधिक दिखा रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को ऑनलाइन स्टेशन का उन्होंने निरीक्षण किया है।
