बरेली: अब ड्राइंग अप्रूवल के लिए लटका सिटी श्मशान भूमि अंडरपास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार : सिटी श्मशान भूमि क्रासिंग पर अंडरपास बनाने का काम अक्टूबर में शुरू नहीं हो सका है। इसका ड्राइंग अप्रूव नहीं हो सका है। जबकि रेलवे बोर्ड से चार महीने बजट जारी हो चुका है। अधिकारियों ने भी अक्टूबर में काम शुरू करने की बात कही थी। ऐसे में अभी लोगों को क्रासिंग पर परेशानी झेलनी पड़ेगी।

रेलवे अधिकारी सिटी श्मशान भूमि पर अंडरपास का कार्य शुरू होने के लिए ड्राइंग को लेकर असमंजस में हैं। बजट पास होने से पहले भी कई बार ड्राइंग को लेकर मंथन चला था। अधिकारी जल्द ही ड्राइंग को अंतिम रूप देने की बात कह रहे हैं। यह अंडरपास उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल और पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल की रेल लाइनों की नीचे बनना है।

दो क्रासिंग होने के कारण अधिक संख्या में सेगमेंट बॉक्स यहां रखें जाएंगे। लिहाजा ड्राइंग को लेकर पेच फंस रहा है। रेल अधिकारियों का मानना है कि अंडरपास बनते समय किसी तरह की दिक्कत पेश नहीं आए, इसके लिए पहले ही ड्राइंग की अड़चनें दूर कर लेना चाहते हैं।

20.26 करोड़ के बजट को मिली है मंजूरी: इस अंडरपास की लंबाई लगभग 250 मीटर के आसपास होगी। अधिक सेगमेंट बॉक्स रखे जाने की वजह से बजट भी अधिक है। रेलवे बोर्ड से अंडरपास के लिए पिछले दिनों लगभग 20.26 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया था।

सिटी श्मशान भूमि क्रासिंग पर अंडरपास का कार्य अक्टूबर में शुरू होना था, लेकिन अभी ड्राइंग अप्रूवल के कारण कार्य रुका हुआ है। जैसे ही इसको अनुमति मिलेगी टेंडर निकालकर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। -राजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर मंडल

ये भी पढ़ें - बरेली: अमीन संघ के पदाधिकारियों और भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम के बीच हुई मारपीट

संबंधित समाचार