हरदोई: बाइकों की भिड़ंत में दो की मौत, दो जख्मी, जांच में जुटी पुलिस
हरदोई। बिल्हौर-कटरा हाई-वे पर दो बाइक आमने-सामने भिड़ गईं, जिसमें दो की मौत हो गई और दो जख्मी हो गए। इसका पता होते ही उधर से निकल रहे राहगीरों ने दौड़ कर ज़ख्मी हुए बाइक सवारों को उठा कर उन्हें सीएचसी पहुंचवाया, लेकिन उससे पहले दो बाइक सवारों की मौत हो चुकी थी।सोमवार को हुए इस हादसे की खबर सुनते ही वहां पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है।
बताया गया है कि सोमवार को साण्डी थाने के काईमऊ निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद सकलैन पुत्र गफ्फार अपने गांव के 30 वर्षीय आसिफ पुत्र शाकिर के साथ बाइक से अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था,उसी बीच उनकी बाइक बिल्हौर-कटरा हाई-वे पर सदरपुर के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से जा भिड़ी, इस हादसे में सकलैन और आसिफ के अलावा दूसरी बाइक पर सवार बिलग्राम कोतवाली के हैबतपुर निवासी 60 वर्षीय गंगा दयाल पुत्र प्रीतम और उसी के गांव का 30 वर्षीय छोटे पुत्र देवी दीन बुरी तरह ज़ख्मी हो गया।
इसका पता होते ही उधर से निकल रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। उन सभी को सीएचसी पहुंचाया जाता, उससे पहले सकलैन की मौत हो गई। जबकि ज़ख्मी हुए बाइक सवारों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां गंगा दयाल ने दम तोड़ दिया। इसका पता होते ही सकलैन और गंगा दयाल के घरों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्ज़े में लेते हुए हादसे की जांच शुरू कर दी है।
बेटी को करवा देने जा रहा था बुज़ुर्ग
हरदोई। बिल्हौर-कटरा हाई-वे पर हुए हादसे का शिकार हुआ बुज़ुर्ग गंगा दयाल अपनी बेटी ममता को करवा देने के लिए उसकी ससुराल जा रहा था। उसी बीच वह सड़क हादसे का शिकार हो गया। इसका पता होते ही गंगा दयाल के घर वाले दौड़ पड़े। खबर लिखे जाने तक उसके घर वालों में चीख-पुकार मची हुई थी।
रास्ते में मिल गया था छोटे
हरदोई। हैबतपुर निवासी गंगा दयाल अपनी बेटी की ससुराल जा रहा था, वहीं उसके गांव का छोटे दवाई लेने जा रहा था। छोटे के मुताबिक गंगा दयाल अकेला था,सो उसने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। उसी बीच सदरपुर के पास पहुंचते ही हादसा हो गया।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: घर से भागे प्रेमी युगल ने पंथ बारी मंदिर में रचाई शादी, परिजनों ने लगाया था यह आरोप
