Unnao News: जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों में जमकर चले लाठी डंडे… महिला घायल, घटना का Video Viral
उन्नाव में जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों में जमकर चले लाठी डंडे।
उन्नाव में जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों में जमकर चले लाठी डंडे। मारपीट में एक महिला घायल हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव की गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के जाजमऊ चौकी अंतर्गत निहाल खेड़ा गांव में विवादित जमीन पर कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। जिसका वीडियो मंगलवार को सोशल साइट पर जमकर वॉयरल हुआ। वहीं मारपीट में महिला के सिर पर चोट लगने के कारण में गंभीर घायल हो गयी।
बता दें कि जाजमऊ निहाल खेड़ा निवासी नन्हू निषाद पुत्र स्व झब्बू का गांव के ही राकेश से तालाब की जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चला रहा है। सोमवार को तालाब की जमीन पर नन्हू की पत्नी निर्मला ने कूड़ा डाल दिया। जिसको लेकर दोनों में गाली गलौज शुरू हो गयी। इसी बीच नन्हू और राकेश पक्ष से कई लोग लाठी डंडें लेकर आ गये।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट में निर्मला के सिर पर चोट लगने से वह गंभीर घायल हो गयी। आनन फानन परिजन उसे इलाज के लिये उन्नाव जिला अस्पताल ले गये। जहां हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया।
मारपीट के दौरान गांव के ही किसी शख्स ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि वॉयरल वीडियो की पुष्टि अमृत विचार नहीं करता है। इसे लेकर कोतवाली प्रभारी राजकुमार ने बताया कि मारपीट की घटना संज्ञान में आयी है। एक पक्ष के द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। दूसरे पक्ष के लोगों ने अभी तहरीर नहीं दी है।
