मुरादाबाद : जम्मू-कश्मीर के युवक पर एक और रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद, अमृत विचार। फर्जीवाड़े के मामले में फरार चल रहे जम्मू कश्मीर के आरोपी के विरुद्ध एक और एफआईआर दर्ज कराई गई है। ये रिपोर्ट विवेचक की ओर से दर्ज कराई गई है। मामला भोजपुर थाने का है। यहां 2020 में पीतल कारोबारी मोहम्मद नासिर ने 22.70 लाख रुपये के माल की ठगी के आरोप में इमरान समेत छह जालसाजों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें आरोपी इमरान जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में मुस्लिमाबाद लेन नंबर-तीन टेगपुरा बाईपास बटमालू का रहने वाला है, जो अभी तक फरार है।
विवेचक अजय दुबे ने बताया कि आरोपी इमरान के हाजिर न होने पर इसके विरुद्ध 30 अगस्त को न्यायालय ने कुर्की के आदेश किया था। आदेश की तामील पूर्व विवेचक विजेंद्र राठी ने कराई थी। इसके बाद भी लगातार वह न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर रहा है, जबकि अन्य पांच आरोपी सिराज अहमद, आशकार अहमद, वसीम, रोहित व सुमित खुराना के विरुद्ध विवेचना पूरी कर न्यायालय में चार्जशीट भी जमा की जा चुकी है।
लेकिन, गैंग का सदस्य इमरान फरार होकर न तो पुलिस की जांच में सहयोग कर रहा है और न ही कोर्ट के आदेश का पालन। ऐसी दशा में ही उन्होंने उसके (इमरान) रिपोर्ट दर्ज कराई है। विवेचक अजय दुबे ने बताया कि वह जम्मू कश्मीर में स्थित आरोपी इमरान के घर दिवाली के बाद कुर्की करने की कार्रवाई करने जाएंगे।
कारोबारी का दो ट्रक माल लेकर फरार हो गए थे आरोपी
मुरादाबाद। विवेचक अजय दुबे ने बताया कि जम्मू कश्मीर निवासी आरोपी इमरान के विरुद्ध 19 फरवरी 2020 में भोजपुर थाने में एफआईआर हुई थी। जो भोजपुर में टीवीएस एजेंसी के सामने जामा मस्जिद रोड ताजपुर के मोहम्मद नासिर ने दर्ज कराई थी। नासिर हैंडीक्रॉफ्ट मेन्युफैक्चरिंग फर्म के मालिक हैं। इसमें इमरान के साथ ही कुन्दरकी के नानपुर का सिराज अहमद, मुगलपुरा वारसीनगर का आशकार अहमद, नोएडा सेक्टर-60 में रैपिड ट्रेड लिंक्स, मेन्युफैक्चरिंग एक्सपोर्ट बी-86 का निवासी रोहित, सुमित खुराना व वसीम भी नामजद हैं।
नासिर का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें 21 अक्टूबर 2019 को 415 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से 2700 ब्रास पीस लैंप कैप का ऑर्डर दिलाया था। इसी आधार पर उन्होंने 25 नवंबर 2019 को दो ट्रकों में 22.70 लाख रुपये का माल लोड कराया था। माल सप्लाई लेने वाली कंपनी का जीएसटी नंबर आदि की लिखापढ़ी के बीच में ही आरोपी आशकार अहमद व सिराज माल समेत दोनों ट्रक लेकर भाग गए थे। नासिर ने इनका पीछा करते हुए नोएडा में सप्लाई लेने वाली फर्म के पते पर पहुंचकर देखा तो वहां उस नाम की कोई कंपनी/फर्म नहीं थी।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: तैयारी पूरी, हवाई अड्डे से उड़ान को हर दिन लाइसेंस का इंतजार
