रुद्रपुर: ऊधमसिंह नगर जनपद को मिले 54 राजस्व उप निरीक्षक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी उदयराज सिंह ने जनपद में नव नियुक्त राजस्व उप निरीक्षकों (लेखपाल) के साथ बैठक कर बधाई दी। साथ ही सभी राजस्व उप निरीक्षकों को चयनित होने पर बधाई दी।

बुधवार डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी राजस्व उप निरीक्षकों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आपको मिला पद सीधे जनता से जुड़ा पद है और कोई भी पद छोटा–बड़ा नहीं होता है। जो पद मिला है, उसकी गरिमा बनाए रखें। पूरी निष्ठा और ईमानदारी से नियमानुसार कार्य करें और अपने कार्य, व्यवहार कुशलता के बल पर जनता व अफसरों के बीच अच्छी छवि बनाएं। उन्होंने रजिस्टर, भूमि रिकॉर्ड, भूमि की नाप–जोख, खसरा–खतौनी, नजरिया नक्शा, अभिलेख रखरखाव आदि के बारे में भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

अपर जिलाधिकारी जय भारत सिंह ने बताया कि जनपद ऊधमसिंह नगर से कुल 56 अभ्यर्थियों का चयन राजस्व उप निरीक्षक (लेखपाल) के पद पर किया गया है। इसमें से सत्यापन के लिए कुल 54 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 2 अभ्यर्थियों का चयन अन्य परीक्षा में होने के कारण योगदान नहीं दिया गया है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार जोशी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कीर्ति बोनियाल सहित अन्य अधिकारी व राजस्व उप निरीक्षक आदि उपस्थित थे।

रुद्रपुर को मिले 6 राजस्व उप निरीक्षक

रुद्रपुर। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि नव नियुक्त राजस्व उप निरीक्षकों को प्रशिक्षण के लिए रिक्त पद के सापेक्ष तहसील आवंटित कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि तहसील खटीमा में 9, सितारगंज में 5, किच्छा में 6, रुद्रपुर में 6, गदरपुर में 4, बाजपुर में 10, काशीपुर में 9, जसपुर में 5 राजस्व उप निरीक्षक भेजे गए हैं।

संबंधित समाचार