सुलतानपुर: 29 लाख से बने अमृत सरोवर का सांसद मेनका गांधी ने किया लोकार्पण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुलतानपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सुल्तानपुर की सांसद मेनका संजय गांधी ने संसदीय क्षेत्र दौरे के दूसरे दिन बुधवार को  भदैंया विकास खंड के ग्राम असवा में ब्लाक प्रमुख राजेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में ब्लॉक स्तरीय जन चौपाल लगाकर 200 से अधिक फरियादियों की समस्याओं को सुना। 

इस दौरान उन्होंने बिजली, नलकूप, राजस्व, नहर, पुलिस, कृषि, पीडब्ल्यूडी विभाग की मिली शिकायतों को वहां मौजूद विभागीय अधिकारियों से तत्काल निस्तारित करने के लिए निर्देशित किया। चौपाल में सबसे अधिक शिकायतें जल मिशन योजना की मिलने पर उन्होंने विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य करने की हिदायत दी। इस दौरान उन्होंने कहा बिना जाति और कौम पूछे सबकी मदद करना हमारी प्राथमिकताओं में है।

सांसद ने असवा पंचायत भवन में कंधईपुर मंडल कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता हमारी पूंजी है। उनका सम्मान सर्वोपरि है। सांसद ने ग्राम पखरौली में बूथ संख्या 16 के बूथ अध्यक्ष फूलचन्द्र तिवारी तथा हरीश तिवारी की मौजूदगी में  भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे वोटर चेतना महाअभियान अंतर्गत 18 वर्ष पूरा करने वाले दो दर्जन युवाओं व छात्राओं को वोटर बनाने के लिए फार्म-6 भरवाया और लोगों को वोटर बनने के लिए प्रेरित भी किया। 

सांसद मेनका संजय गांधी ने केनौरा गांव में लगभग 29 लाख रुपए की लागत से निर्मित अमृत सरोवर का लोकार्पण किया। सांसद ने अमृत सरोवर पर बड़ी संख्या में पौधरोपण के निर्देश भी दिए हैं। श्रीमती गांधी ने भदैया ब्लॉक मुख्यालय पर स्थानीय लोगों को घरौनी का वितरण भी किया। 

श्रीमती गांधी ने इस अवसर पर स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर हुई महिलाओं को सम्मानित भी किया। कहा कि जिले भर में 966 अमृत सरोवर बनाने का लक्ष्य है। जिनमें से 247 बनकर तैयार हो गए हैं। अमृत सरोवर प्रत्येक गांव में पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। 

सांसद ने कहा घरौनी के वितरण से लोगों को भू स्वामित्व का प्रमाण पत्र मिला है। श्रीमती गांधी ने कहा कि स्वरोजगार के माध्यम से जिले की महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं यह जिले के लिए अच्छे संकेत हैं। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार, सांसद मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी, खण्ड विकास अधिकारी दिव्या सिंह, अनिल तिवारी, राजेश चतुर्वेदी, रमेश मिश्रा, संदीप प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें; सुलतानपुर: नसबंदी के बावजूद महिला को हुई बेटी, कोर्ट ने कहा- पीड़िता को क्षतिपूर्ति दिलाएं सीएमओ

संबंधित समाचार