बरेली: पांच दिन में सात सौ राशन कार्ड अचानक कटे, खलबली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिला पूर्ति कार्यालय पहुंचकर कार्ड धारकों ने की शिकायत

DEMO IMAGE

बरेली, अमृत विचार। जिले भर में अचानक करीब सात सौ राशन कार्ड कट जाने से कार्ड धारकों में खलबली मची हुई है। कई कार्ड में यूनिट भी कम की गई हैं। जिससे परेशान लोग जिला पूर्ति कार्यालय पहुंचकर शिकायत कर रहे हैं कि विभाग ने बिना कोई जानकारी दिए राशन कार्ड काट दिए हैं। वहीं अधिकारी इसको सत्यापन की प्रक्रिया बता रहे हैं।

इंद्रानगर के रहने वाले आशीष शर्मा ने बताया कि उनका कार्ड अचानक निरस्त कर दिया गया। वह पूर्ति कार्यालय पहुंचे तो बताया गया कि आधार कार्ड सत्यापित नहीं होने के कारण कार्ड निरस्त किया गया है। पूर्ति विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शासन ने 26 अक्टूबर को आदेश जारी कर 31 दिसंबर तक कार्ड धारकों का सत्यापन कराने के निर्देश दिये हैं। जिसमें मृतकों, अपात्रों, विस्थापित हो चुके लोगों आदि के यूनिट व कार्ड निरस्त किये जा रहे हैं। जिलापूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि पांच दिन में 700 कार्ड अब तक काटे गये हैं।

900 नये कार्ड भी बनाए गए
अधिकारियों का कहना है कि अगर राशन कार्ड काटे जा रहे तो वहीं उससे ज्यादा कार्ड बनाए भी जा रहे हैं। कुल आबादी के सापेक्ष शहरी क्षेत्र में 64.43 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्र में 79 प्रतिशत कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित है। 26 अक्टूबर से अब तक 900 नये कार्ड बनाए गए हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली: शिक्षक पदोन्नति की प्रक्रिया तेज, सूची 8 तक अपलोड करने के निर्देश

संबंधित समाचार