बरेली: दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसों की संख्या हुई कम, यात्री परेशान
अधिकारियों ने मुख्यालय भेजी नई बसों की डिमांड, दिल्ली में आज से पुरानी बसों पर लगा दी गई रोक
DEMO9 IMAGE
बरेली, अमृत विचार। दिवाली के मौके पर दिल्ली के यात्रियों को मुश्किल हो सकती है। 1 नवंबर से दिल्ली जाने वाली बसों की संख्या कम कर दी गई है। अधिकारियों ने मुख्यालय को नई बसें दिलाने के लिए पत्र लिखा है।
वायु प्रदूषण को लेकर दिल्ली में पुरानी बसों के आने जाने पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में सेटेलाइट और पुराने बस अड्डे से दिल्ली जाने वाली बसों की संख्या कम हो गई है। अब रुहेलखंड डिपो के पास बीएस-6 माडल की 11 बसें हैं, जिसमें 10 बसों का संचालन दिल्ली रूट पर किया जाएगा, जबकि एक बस को लखनऊ रूट पर अनिवार्य रूप से चलाना है।
बरेली डिपो के पास बीएस-6 माडल की 10 बसें हैं। बसों की संख्या कम होने से रुहेलखंड डिपो की तरफ से 14 और बरेली डिपो की तरफ से 17 बीएस-6 बसों की मांग मुख्यालय को भेजी है। एआरएम अरुण कुमार वाजपेई ने बताया कि नई बीएस-6 वाहनों के लिए मुख्यालय को डिमांड भेज दी गई है। वहीं दिवाली के त्योहार को लेकर भी विभाग की तरफ से बसों के संचालन के लिए तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बरेली: शिक्षक पदोन्नति की प्रक्रिया तेज, सूची 8 तक अपलोड करने के निर्देश
