बरेली: खानकाह-ए-नियाजिया में जश्न-ए-चिरागां का आगाज, महिलाओं ने रोशन किए मन्नतों के चिराग
बरेली, अमृत विचार। खानकाह-ए-नियाजिया में बुधवार को जश्न-ए-चिरागां का आगाज हुआ। 300 साल पुरानी इस रस्म में महिलाओं ने मन्नतों के चिराग रोशन किए। गुरुवार को मुख्य आयोजन होगा, जिसमें दूर दराज से अकीदतमंद मन्नतों के चिराग रोशन करने के लिए पहुंचेंगे।
खानकाह के प्रबंधक शब्बू मियां नियाजी ने बताया कि खानकाहे नियाजिया में छोटा जश्ने चिरागां का आयोजन किया गया। जिसकी सरपरस्ती खानकाहे नियाजिया के सज्जादानशीन मेहंदी मियां नियाजी ने की।
यह छोटे चिराग खासकर पर्दे का ख्याल रखते हुए महिलाओं के लिए होता है। जिसे ख्वाजाकुतुब स्थित बड़े मकान में आयोजित किया गया।
सबसे पहले सज्जादानशीन ने मुराद का चिराग दिया, जिसको वहां से लेकर खानकाह में रख दिया गया। इस दौरान बड़ी तादाद में महिलाएं मौजूद थीं।
दूर तक चिराग लेने के लिए लंबी लाइन लगी थी। खानकाह में एक अलग ही नूरानी मंजर देखने को मिला। देर रात तक महिलाएं चिराग रोशन करने के लिए पहुंचती रहीं।
वहीं, खानकाहे नियाजिया में जश्ने चिरागां में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष कुमार गंगवार भी पहुंचे और प्रबंधक शब्बू मियां से मुलाकात की। अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष परवेज मियां, शावेज रईस, युसूफ, ललित अवस्थी आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- बरेली: शिक्षक पदोन्नति की प्रक्रिया तेज, सूची 8 तक अपलोड करने के निर्देश
