आगरा में केवल 9 जगह ही मिलेंगे हरित पटाखे, अस्थाई लाइसेंस पर खुलेंगी 294 दुकानें
आगरा, अमृत विचार। दीपावली से पहले बाजार में रौनक आनी शुरू हो गई है। सिकंदरा, कैंट समेत कई इलाकों में दीपावली के सामान से जुड़ी दुकानों पर देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी है। प्रदुषण को काम करने के लिहाज से जिले में केवल हरित पटाखों की ही बिक्री को मंजूरी दी गई है। पटाखों के लिए शहर में 9 बिक्री स्थल चिह्नित किये गए हैं। यहाँ 294 अस्थाई लाइसेंस धारी दुकानदार पटाखों की बिक्री कर सकेंगे। इन लाइसेंस का चयन लाटरी के माध्यम से किया जायेगा।
पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक 10 से 14 नवंबर के बीच पटाखों की बिक्री को मंजूरी दी गई है। लाइसेंस में शामिल शर्तों के उल्लंघन पर लाइसेंस निरस्त कर दिया जायेगा। लाइसेंस आवेदन के लिए 10 हजार रुपये का बैंक ड्राफ्ट प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस लाइंस कमिश्नरेट आगरा के कार्यालय के पक्ष में देना होगा। ड्राफ्ट प्राप्ति की रसीद, आधार कार्ड और दो फोटो पर आवेदक को आवेदनपत्र पुलिस उपायुक्त नगर कार्यालय से दिया जाएगा। इसे तय समयसीमा में जमा करना होगा। 7 नवंबर की सुबह 10 बजे लाइसेंस देने के लिए आवेदक का चयन लाटरी के आधार पर किया जायेगा।
ये भी पढ़ें -BHU में छात्रा से छेड़छाड़ पर बड़ा प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
