बहराइच: सीडीओ ने कैटल कैचर वाहन को दिखाई हरी झंडी, पकड़े जाएंगे निराश्रित गोवंश
बहराइच, अमृत विचार। शासन के निर्देश पर जिले में 1 नवंबर से निराश्रित मवेशियों को पकड़ने का अभियान चलाया गया। इसकी शुरुआत मुख्य विकास अधिकारी ने नोडल अधिकारी के मौजूदगी में की उन्होंने कैटल कैचर वाहन को मवेशियों को पकड़ने के लिए रवाना किया। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा एक नवम्बर से 31 दिसम्बर तक 60 दिवसीय निराश्रित गौवंश संरक्षण विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिये है।
शासन के निर्देश के क्रम में देर शाम कलेक्ट्रेट से मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर ने शासन द्वारा नामित देवी पाटन मण्डल के नोडल अधिकारी डॉ नीरज गुप्ता, अपर जिलाधिकारी गौरव निरंजन श्रीवास्तव व अन्य के साथ कैटल कैचर एवं अन्य सम्बन्धित वाहनो के दस्ते को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ बद्री नाथ त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के दौरान जनपद में निराश्रित गौवंशों को राजस्व, विकास, नगर विकास, पशु पालन, पंचायती राज विभागों एवं गृह विभाग के सहयोग से पकड़कर गौआश्रय स्थलों में संरक्षित कराया जायेगा।
पूर्व से संचालित गौ आश्रय स्थलों की क्षमता वृद्धि, प्रस्तावित एवं निमार्णधीन अस्थाई एवं बृहद गौ आश्रय स्थलों का संचालन शुरू करवाते हुए उनमें भी गौवंशो का संरक्षण किया जाना है। संरक्षण अवधि के दौरान सभी विकास खण्ड स्तर पर राजस्व, विकास, नगर विकास, पशु पालन, पंचायती राज विभागों एवं गृह विभागों की टीम जिलाधिकारी के कुशल मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व में कार्य करेंगी।
जिलाधिकारी द्वारा निराश्रित गौवंश संरक्षण विशेष अभियान की नियमित रूप से समीक्षा की जायेगी। नगरीय क्षेत्रों में अभियान की समीक्षा अपर जिलाधिकारी द्वारा की जायेगी। अभियान के प्रथम चरण में जनपद को जोड़ने वाले राष्ट्रीय व राज्य मार्गाे बहुतायत से निराश्रित गौवंश पाये जाने वाले स्थानों पर विशेष ध्यान केन्द्रित कर संरक्षण अभियान संचालित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:-BHU में मनचलों ने छात्रा का मुंह दबाकर किया निर्वस्त्र, बनाया वीडियो, साथी कर रहे उग्र प्रदर्शन
