गोरखपुर : सीएम योगी का बड़ा बयान - गाजियाबाद में देखा प्रदूषण का अंधेरा, पंजाब से फैल रहा धुआं
गोरखपुर, अमृत विचार। पंजाब में पराली जलाई जा रही है, हवा चलने से वहां से धुंआ उत्तर प्रदेश में आ रहा है। जिससे यूपी में प्रदूषण फैल रहा है। दिल्ली,एनसीआर और गाजियाबाद में हवा बेहद खराब हो गई है। यहां पूरा गैस चैंबर बन गया है। यदि पराली जलाने के बजाय उसको खेतों में ही डाल दें, तो उससे खेत की उर्वरा शक्ति भी बढ़ेगी साथ ही प्रदूषण भी नहीं फैलेगा। यह बातें सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर स्थित दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित एक सेमीनार में कहीं।
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने कई राज्यों को नोटिस जारी किया है। जिन राज्यों को नोटिस जारी हुआ है उसमें पंजाब, दिल्ली, यूपी, हरियाणा शामिल है। उन्होंने कहा यह नोटिस हवा में प्रदूषण को लेकर जारी किया गया है।
इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि वह अभी गाजियाबाद में थे, इस दौरान उन्होंने धुंध देखा और जब वह बाहर निकले तो उनके आंखों मे जलन होने लगी। सीएम ने कहा कि ठीक उसी समय मैने बताया कि यह सिर्फ धुंध नहीं है बल्कि हवा में जबरदस्त प्रदूषण है। उन्होंने अधिकारियों को उसी समय निर्देश दिया कि स्मार्ट फोन पर नासा के इमेज से पता करिये कि कहां पर प्रदूषण हो रहा है। जिस पर जानकारी निकल कर आई कि पंजाब में पराली जलाई जा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पर्यावरण से खिलवाड़ के परिणाम बेहद खतरनाक हैं और अब समय आ गया है कि हम सब इसको दुरुस्त करने के प्रयास में जुट जाएं।
