Farrukhabad News: 10 हजार रुपये रिश्वत लेते लेखपाल गिरफ्तार… खेत पैमाइश कराने के नाम पर मांगे थे रुपये
फर्रुखाबाद में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते लेखपाल गिरफ्तार।
फर्रुखाबाद में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते लेखपाल को रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया। खेत पैमाइश कराने के नाम पर रुपये की मांग की थी।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। खेत की पैमाइश कराने के नाम पर किसान से दस हजार रुपये की रिश्वत मांगने पर लेखपाल फंस गया है। किसान की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। इसके बाद टीम आरोपी लेखपाल को कादरी गेट थाने ले गई। इस कार्रवाई के बाद से अन्य लेखपालों में हड़कंप मचा है।
मामला कायमगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर का है। गांव निवासी नेत्रपाल किसान हैं। उसके अनुसार कई दिनों से उसे अपने खेत की पैमाइश करानी थी। जिसके लिए वह संबंधित लेखपाल नरेश के कार्यालय के चक्कर काट रहा था। किसान नेत्रपाल के अनुसार लेखपाल ने पैमाइश के नाम पर उससे 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
बाद में मामला 10 हजार रुपये में तय हुआ। बताते हैं कि बाद में किसान ने इसकी सूचना एंटी करप्शन टीम को दे दी। जिस पर टीम भी मौके पर आ गई। इसके बाद नेत्रपाल ने लेखपाल नरेश को एक होटल में बुलाया। बताते हैं कि तहसील से निकलने के बाद लेखपाल संबंधित होटल पर पहुंच गए। जैसे ही किसान ने उसके हाथ में रिश्वत के 10 हजार रुपये रखे, तभी टीम ने उसे पकड़ लिया।
नोट कब्जे में लेने के बाद टीम आनन-फानन में आरोपी लेखपाल को काटरी गेट थाने ले गई। जहां पर कार्रवाई के बाद टीम आरोपी लेखपाल को अपने साथ ले गई। इस कार्रवाई से अन्य लेखपालों में हड़कंप मचा है। बताते चलें कायमगंज तहसील कर्मियों द्वारा रिश्वत लेने का यह तीसरा मामल पकड़ में आया है।
ये भी पढ़ें- MP के बाद UP के कानपुर में भी पेशाब कांड, पुलिसकर्मी ने दुकान में की टॉयलेट, VIDEO VIRAL
