मुरादाबाद: शादी के आठ माह बाद ही तलाक देकर महिला को घर से निकाला
पीड़िता ने पति, सास व ननद के विरुद्ध दर्ज कराई एफआईआर, दिल्ली से आकर ननद भी करती थी उत्पीड़न
मुरादाबाद, अमृत विचार। मायके से अतिरिक्त दहेज न लाने पर शादी के आठ माह बाद ही पति ने तलाक देकर मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति और सास समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता तय्यबा खान का निकाह आठ महीने पहले 4 मार्च 2023 के दिन गाजियाबाद के थाना वेव सिटी के टी-8, 936 निवासी शावेज रहीम पुत्र स्व.रुस्तम रहीम के साथ हुआ था। तय्यबा का मायका गलशहीद थाना क्षेत्र के सराय किशनलाल में है। पीड़िता ने गलशहीद थाना पुलिस को बताया कि उसके निकाह के समय ससुराल वाले नोएडा सेक्टर-151 में जेपी अमन सोसाइटी में रहते थे। उसका पति और सास उसे निकाह के दूसरे दिन से दहेज कम मिले होने की बात कहकर ताने देने लगे थे। वह लोग एक मकान खरीदना चाहते थे, जिसके लिए वह तय्यबा को मायके से अतिरिक्त दहेज के रूप में रुपये लाने का दबाव बनाते थे।
ननद उजमा भी जब दिल्ली से आती तो वह भी उसका उत्पीड़न करती थी। तय्यबा ने पुलिस को बताया है कि उसका पति शावेज रहीम नशीले पदार्थ का सेवन करता है। वैसे निकाह से पहले इसके घर वालों ने तय्यबा के घर वालों से फिटनेस ट्रेनर का काम करने और 70,000 रुपये महीने कमाई होने की बात कही थी। लेकिन, जब तय्यबा निकाह के बाद ससुराल पहुंची तो पहली रात में ही उसका पति शावेज नशीले पदार्थ का सेवन करके उसके पास आया था। उसने कई लोगों से पैसा भी उधार ले रखा था।
ऐसे में उसकी ससुराल वाले चाहते थे कि तय्यबा जाकर कहीं नौकरी करे। पीड़िता ने बताया कि 15 जून के दिन जब घर में राशन भी नहीं बचा तो उसने पति शावेज को बताया। वह इतना अधिक क्रोधित हो गया कि उसके बाल पकड़कर घसीटते हुए उसे किचन तक ले गया। सास के भड़काने पर पति ने उसके साथ मारपीट की और तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने मायके आकर पति शावेज रहीम, इसकी मां मुमताज व ननद उजमा सिद्दीकी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उजमा विवाहित है वह दिल्ली के जाफराबाद क्षेत्र में नाला रोड गली नंबर-दो में पति शफील सिद्दीकी संग रहती है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: पिछले साल का बकाया गन्ना भुगतान दिलाने की मांग, पेड़ी के सर्वे में गड़बड़ी का आरोप
