बरेली: संचारी रोग नियंत्रण में बरेली फिर पीछे, मिला 63वां स्थान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शासन ने जारी की रैंकिंग, कागजों में किया गया मच्छरों से बचाव

बरेली, अमृत विचार। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को इलाज की जरूरत है। जिले में मलेरिया के बाद डेंगू का प्रकोप चरम पर है। इससे बचाव के लिए संचारी रोग नियंत्रण अभियान अहम होता है लेकिन इसमें बरेली फिर पिछड़ गई है।

शासन की ओर से अक्टूबर की जारी रिपोर्ट में प्रदेश में बरेली 63वें स्थान पर आई है, जबकि 12 अक्टूबर को जारी रैंकिंग में बरेली को 58 वां ओर 16 अक्टूबर को 72 वां स्थान मिला था। बरेली के बाद 74 वां बिजनौर और संभल को 75 वां स्थान मिला है और बागपत पहले स्थान पर है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार संचारी रोग नियंत्रण को लेकर दावे पेश किए जा रहे हैं लेकिन रोकथाम कागजों तक ही सीमित है।

ये गतिविधियां न करने पर पिछड़ा जिला
गांवों में झाड़ियों की कटाई का काम नहीं किया गया। इसके अलावा जलभराव से निपटने के कोई खास इंतजाम नहीं किए गए। सामुदायिक स्तर पर बीमारियों के प्रति लोगों को ठीक से जागरूक भी नहीं किया गया। दस्तक अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी सही तरीके से काम नहीं किया। इन सभी बिंदुओं के आधार पर नंबरों में कटौती की गई है।

इस संबंध में सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत लगातार साफ-सफाई और लोगों को जागरूक किया जा रहा है। विभाग पूरी तरह से प्रयासरत है। वहीं समय-समय पर निरीक्षण कर कमी मिलने पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त भी कराया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बरेली: अवैध खनन की सूचना पर जिला खनन अधिकारी ने मारा छापा, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा

संबंधित समाचार