गजब: डायरेक्शन अंकित, पर रास्ता नहीं दिया, निर्माणाधीन रामपथ पर अंगूरीबाग के पास फिर खोद दी सड़क
अयोध्या, अमृत विचार। निर्माणाधीन रामपथ पर शनिवार को फिर सड़क खोद संकट खड़ा कर दिया गया है। निर्माण एजेंसी ने यहां बीच सड़क खोद तीर तो लगा दिया लेकिन रास्ता नहीं दिया। जिसके चलते बाइक सवार तो जैसे - तैसे निकल रहे हैं ले चार - पहिया और ई-रिक्शा का जाना बंद हो गया है।
शनिवार को निर्माण एजेंसी आर एंड सी ने चौथी बार अंगूरीबाग के निकट बीच सड़क लगभग 15 फिट तक खोद डाली है। दो जेसीबी लगाकर की गई खोदाई से न केवल गुदड़ीबाजार से नियावां का रास्ता बंद हो गया है बल्कि अंगूरीबाग आवास विकास कालोनी के लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हद तो यह है कि खोदाई को लेकर जिम्मेदारी का प्रदर्शन करते हुए डायवर्जन का तीर लगा बोर्ड खड़ा कर दिया लेकिन जाने का रास्ता दिया ही नहीं। शनिवार को हाल यह रहा कि अंगूरीबाग तक पहुंचे चार पहिया वाहनों और ई-रिक्शा को वापस घूम कर गुदड़ीबाजार से चौक या रीडगंज होकर आगे जाने को मजबूर होना पड़ा।
इसे लेकर लोगों में काफी आक्रोश रहा। बता दें कि सप्ताह भर पहले यही हाल गुदड़ीबाजार चौराहे पर किया गया था जिसके चलते 15 दिनों तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एजेंसी के इंजीनियर प्रदीप शुक्ला का कहना है कि सीवर लाइन में दो जगह चोक होने के कारण दुबारा खोदाई की गई है। रविवार को पाट दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:-राजा भैया समर्थक को मुकदमे की पैरवी में मिली धमकी, सपा जिलाध्यक्ष गुलशन समेत तीन के खिलाफ मुकदमा
