लखनऊ: अपना दल कमेरावादी ने मनाया पार्टी का स्थापना दिवस, मुख्य अतिथि बने अखिलेश यादव ने कही यह बड़ी बात
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अपना दल कमेरावादी ने शनिवार को पार्टी का स्थापना दिवस मनाया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव शामिल हुए। सपा मुखिया ने डॉ. सोनेलाल पटेल की तस्वीर पर पुष्प अर्पित करके उन्हें नमन किया और श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर अपना दल कमेरावादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल, विद्यायक पल्लवी पटेल, पंकज निरंजन समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान सपा मुखिया ने स्थापना दिवस पर बुलाने के लिए कृष्णा पटेल और विधायक पल्लवी पटेल का आभार जताया।
अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी और सोनेलाल पटेल ने जिस संघर्ष और जिन परिस्थितियों में इन दलों को बनाया और जो रास्ता दिखाया हमारी आपकी जिम्मेदारी बनती है कि उस रास्ते पर हम आगे चलें। उन्होंने कहा कि एक समय था जब नेताजी और सोनेलाल मिलकर साथ में काम किया करते थे।
दोनों ने मिलकर समाज के सबसे शोषित, पीड़ित, वंचित, गरीब जो आजादी के बाद बड़े पैमाने पर आभाव में जीवन जी रहे हैं। उनको जगाने का काम सोनेलाल पटेल और नेताजी ने किया था। वो भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन हम लोगों को बहुत बड़ी जिम्मेदारी दे गए हैं और जो विरासत में हम लोगों को मिला है तो हमारी जिम्मेदारी है कि उसे आगे बढ़ाते हुए आने वाली पीढ़ी को और ताकतवर बनाए इसीलिए उन लोगों ने जो सपना देखा था उसे हम लोग पूरा करें।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि आपकी पार्टी के एक विधायक में इतनी ताकत है कि सरकार के सबसे ताकतवर मंत्री को हरा दिया। ये हौसला और ताकत अगर किसी की थी तो वह अपना दल कमेरावादी और समाजवादी पार्टी की थी। वहीं उन्होंने चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर कहा कि पिछली बार थोड़ा कंजूसी रह गई थी। लेकिन अपना दल कमेरावादी को भरोसा दिलाता हूं कि आने वाले समय में ऐसे कंजूसी नहीं दिखाएंगे।
वहीं अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह लोग अपना दल कमेरावादी और समाजवादी पार्टी की सोच और सिद्धांतों को अपना रहे है। जो सोनेलाल और नेताजी ने मुद्दे उठाये थे। वही वो लोग जातीय जनगणना की मांग उठा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बाराबंकी: 11464 हेक्टेयर में तैयार है गन्ना, माह के अंत में चलेगी चीनी मिल, इस साल 20 प्रतिशत तक बढ़ा गन्ने का रकबा
