बरेली: मालगाड़ी से गेहूं चुराने वाले अब तक नहीं हुए गिरफ्तार, RPF कर रही तलाश
बरेली, अमृत विचार। परसाखेड़ा स्टेशन पर गेहूं की बोरियां चुराने वाले अभी तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। आरपीएफ उनकी तलाश कर रही है। एक नवंबर को चोरों ने स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी की सील तोड़कर गेहूं की बोरियां चोरी की थीं। स्टेशन मास्टर के पहुंचने पर चोर भाग गए थे। इस मामले में आरपीएफ रामपुर ने तीन चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
यह भी पढ़ें- बरेली: फुटकर में सब्जियों के रेट धड़ाम, थोक में महंगाई बरकरार
आरपीएफ अधिकारियों के मुताबिक परसाखेड़ा रेलवे स्टेशन पर एक यात्री ट्रेन को क्रास कराने के लिए बुधवार रात पंजाब से बिहार जा रही गेहूं से लदी मालगाड़ी को रोका गया था। इस दौरान चोर वैगन की सील तोड़कर अंदर घुसे और बोरियां बाहर निकालनी शुरू कर दीं।
राहगीर की सूचना पर स्टेशन मास्टर और आरपीएफ मौके पर पहुंची तो तीन चोर भागने लगे। आरपीएफ ने मौके से 10 बोरियां बरामद की थीं। आरपीएफ रामपुर प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार मीणा ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि कितना माल चोरी हुआ। आसपास के संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बरेली: दीपावली पर रहेगी Wi-Fi झालर से लेकर गुजराती झूमर की धूम, रोशनी के साथ ही सुनाई देगा गीत
