मिशन 2024: छुट्टा पशु 31 दिसंबर के बाद नहीं दिखेंगे, मंंत्री धर्मपाल ने दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पशुधन मंंत्री धर्मपाल सिंह ने पांच हजार पशुओं को संरक्षित करने के लिए पुलिस की भी मदद लेने को कहा

बरेली, अमृत विचार। पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने पांच हजार छुट्टा गोवंशीय पशुओं को गोशालाओं में संरक्षित करने के लिए 31 दिसंबर 2023 की समयसीमा तय की है ताकि 2024 में एक भी छुट्टा पशु खेत या सड़क पर नजर न आए। शनिवार को विकास भवन बैठक के दौरान उन्होंने छुट्टा पशुओं को पकड़ने में पुलिस की भी मदद लेने का निर्देश दिया। इसके साथ जिला, तहसील और ब्लॉक के अफसरों की जिम्मेदारी तय की।

यह भी पढ़ें- आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में बरेली जोन प्रथम, मिली 69 रैंक

पशुधन मंत्री ने बैठक में कहा कि एक नवंबर से पशुओं को पकड़ने का अभियान चल रहा है। जिले में छुट्टा पशुओं की संख्या करीब पांच हजार है, 31 दिसंबर तक इन्हें गोशालाओं में पहुंचा दिया जाए। पंचायत राज और ग्राम विकास विभाग को पशुओं को पकड़ने में पुलिस की मदद लेने का निर्देश देते हुए उन्होंने बताया कि जिले में दस गोशालाओं का पैसा स्वीकृत हो चुका है।

बैठक में सीओ और एक पशु चिकित्साधिकारी समेत कई अधिकारियों के न आने पर पशुधन मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। कहा, जब बैठक की पहले से सूचना दी गई थी तो अधिकारी क्यों नहीं आए। उन्होंने सीवीओ को डांट लगाने के साथ एसपी क्राइम से भी जवाब मांगा और आगाह किया कि भविष्य में दोबारा ऐसा न हो।

कई जगह गोआश्रय स्थल के लिए जमीन चिह्नित न होने पर भी नाराजगी जताई। बैठक में उन्होंने अच्छा काम करने वाले अफसरों को सीएम से एवार्ड दिलाने की भी बात कही। बैठक में मौजूद विधायकों और ब्लॉक प्रमुखों ने फिर अधिकारियों के रवैये की शिकायत करते हुए कहा कि वे उनकी नहीं सुनते न शासन की प्राथमिकताओं वाले कार्य में दिलचस्पी लेते हैं।

ब्लॉक प्रमुखों ने ज्यादा नाराजगी जताई। बैठक में भाजपा के कई विधायक, ब्लॉक प्रमुख, डीएम रविंद्र कुमार, नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स, सीडीओ जगप्रवेश समेत सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

यह राजनीति का स्वर्णिम काल, अब नहीं आएगा ऐसा युग
मंत्री धर्मपाल सिंह ने फिर दोहराया कि पहले कसाई को देखकर गाय कांपती थी लेकिन हमारी सरकार में गाय को देखकर कसाई कांपते हैं। बोले, यह राजनीति का स्वर्णिम काल है, ऐसा युग अब नहीं आएगा। विदेशों से लोग पूंजी निवेश करने यूपी आ रहे हैं।

16 हवाई अड्डे बन रहे हैं। भाजपा न्याय की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि लोकसभा सभी 80 सीटें हम जीतेंगे। अखिलेश यादव पर तंज कसा कि उनका हाल खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसा हो गया है। जाति की राजनीति करने वाले दल समाप्त हो गए। मंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा।

यह भी पढ़ें- बरेली: स्टंटबाजों ने लहराती बाइक पर बनाई रील, वीडियो वायरल

संबंधित समाचार