Kanpur News: अब ड्राइवर के बिना दौड़ती नजर आएगी मेट्रो... ऑटोमेटिक ब्रेकिंग जैसी विशेषताओं से युक्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में अब ड्राइवर के बिना मेट्रो दौड़ती नजर आएगी।

कानपुर में अब ड्राइवर के बिना मेट्रो दौड़ती नजर आएगी। प्रॉयरिटी कॉरिडोर पर एटीओ (ऑटोमेटिक ट्रेन ऑपरेशन) मोड पर संचालन शुरू। मेट्रो के ऑटोमेटिक संचालन से सुरक्षा और समयबद्धता में कुशलता आएगी।

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-1 (आईआईटी से नौबस्ता) के अंतर्गत आने वाले प्रॉयरिटी कॉरिडोर (आईआईटी से मोतीझील) पर शनिवार से मेट्रो ट्रेनों का संचालन एटीओ (ऑटोमेटिक ट्रेन ऑपरेशन) मोड पर शुरू हो गया। इससे पहले मेट्रो ट्रेनें एटीपी (ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन) मोड में चल रही थीं, जो यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर किसी दुर्घटना से बचने के लिए ऑटोमेटिक ब्रेकिंग जैसी विशेषताओं से युक्त था।

इसमें ट्रेन ऑपरेटर की भूमिका अहम होती थी। अब एटीओ (ऑटोमेटिक ट्रेन ऑपरेशन) मोड में संचालन से जुड़ी अधिकतर क्रियाएं ऑटोमेटिक होंगी। इससे संचालन के दौरान मेट्रो ट्रेनों की सुरक्षा पहले भी मजबूत हो जाएगी, साथ ही समयबद्धता की दृष्टि से ट्रेनें और कुशल हो जाएंगी। इस मोड में संचालन से जुड़े अधिकतर कार्य ऑटोमेटेड होने की वजह से किसी मानवीय भूल की संभावना लगभग नहीं के बराबर होगी।

एटीओ मोड में संचालन की शुरुआत शनिवार को आईआईटी मेट्रो स्टेशन पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के सिग्नलिंग एंड टेलिकॉम विभाग के महाप्रबंधक त्रदीप खरे ने किया। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के तहत आज से लागू किए गए एटीओ मोड का संचालन शुरू करने से पहले इसका अच्छी तरह से परीक्षण किया गया है।

इस मोड में ट्रेनें बिना किसी ऑपरेटर के हस्तक्षेप के एटीपी (ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन) प्रणाली के पर्यवेक्षण और नियंत्रण में संचालित होती हैं। संचालन से जुड़ी अधिकतर क्रियाएं जैसे मोटरिंग, ब्रेकिंग, प्लेटफॉर्म ड्यूटी, प्लेटफॉर्म पर नियत जगह पर दरवाजों का खुलना आदि ऑटोमेटिक हो जाता है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से मेट्रो ट्रेनों के दरवाजे ट्रेन ऑपरेटर द्वारा मैनुअली ही बंद किए जाएंगे।

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि यात्रियों के लिए सुविधाजनक सुरक्षित और सुगम यात्रा का साधन मुहैया कराने की दिशा में एटीओ मोड में कानपुर मेट्रो का संचालन आरंभ होना एक मील का पत्थर है। लखनऊ के बाद कानपुर मेट्रो का संचालन भी एटीओ मोड पर हो गया है।

ये भी पढ़ें- डिजिटल चिकित्सा पर IIT Kanpur करेगा शोध, इस दिन से अत्याधुनिक लैब की होगी शुरुआत

संबंधित समाचार