देहरादून: राहुल गांधी पहुंचे केदारनाथ, कार्यकर्ताओं से रखेंगे दूरी
देहरादून, अमृत विचार। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी तीन दिनी प्रवास के लिए रविवार को केदारनाथ धाम पहुंच गए। माना जा रहा है कि यह उनकी निजी आध्यात्मिक यात्रा है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली से विशेष चार्टर विमान से रविवार सुबह जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से कुछ देर में हेलिकॉप्टर से केदारनाथ के लिए रवाना हो गए। हालांकि उनकी इस यात्रा का कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है लेकिन जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पुलिस और संबंधित एजेंसियों के जवान उनकी सुरक्षा के मद्देनजर तैनात थे।
राहुल इससे पहले 2013 में आई भीषण आपदा के बाद केदारनाथ धाम जा चुके हैं। तब उन्होंने 16 किलोमीटर पैदल यात्रा भी की थी। पार्टी सूत्रों के अनुसार वह अपने प्रवास के दौरान ध्यान कुटिया में भी रुक सकते हैं, जो केदारनाथ मंदिर से करीब सवा किलोमीटर दूर स्थित है। इस कुटिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक रात गुजारी थी।
