अयोध्या: पूर्व भाजपा विधायक खब्बू जेल से रिहा, आवास पर लगा समर्थकों का तांता, बोले- जनता का था और रहूंगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। पड़ोसी जनपद बस्ती की अदालत से रिहाई का परवाना पहुंचने के बाद पूर्व गोसाईगंज क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू रविवार की सुबह मंडल कारागार से रिहा हो गए। कारागार प्रशासन का कहना है कि रिहाई का परवाना मिलने के बाद इंद्र प्रताप तिवारी को रिहा किया गया है।   

पूर्व विधायक की रिहाई की खबर के बाद गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र ही नहीं बल्कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों तथा आस-पास के जनपदों से लोग उनका हाला-चाल जानने और स्वागत करने आवास पहुंचे।

विधि प्रतिनिधि के मुताबिक बस्ती जिले के फर्जी पते पर आयुध लाइसेंस लेने के मामले में अदालत ने जमानत मंजूर करने के बाद शुक्रवार को अदालत से पूर्व विधायक की रिहाई का परवाना मंडल कारागार अयोध्या भेजवाई गई थी, लेकिन परवाना विलंब से पहुंचने के कारण वह रिहा नहीं हो सके थे।

वहीं साकेत महाविद्यालय के फर्जी अंक पत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट से सुनवाई के लिए याचिका स्वीकार करने के साथ जमानत दी थी और सोनभद्र जिले के पेट्रोल पंप कर्मी हत्याकांड में बीते 20 अक्टूबर को अपर जिला जज सोनभद्र की अदालत से गवाहों के बयान और घटनास्थल में विरोधाभास होने के कारण दोष मुक्त साबित हो चुके हैं।

आवास आकर पूर्व विधायक से मुलाकात और स्वागत करने वालों में भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, पार्टी नेता अभय सिंह, गोसाईगंज के प्रदीप जायसवाल, मया बाजार के ध्रुव जायसवाल, सार्थक तिवारी, साकेत महाविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारी और गोंडा निवासी देवमणि तिवारी समेत अन्य शामिल रहे।

जनता का था, जनता का रहूंगा: खब्बू 

मंडल कारागार से रिहा होकर अपने आवास पहुंचे गोसाईगंज के पूर्व विधायक व वरिष्ठ भाजपा नेता इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू भावुक हो उठे। शनिवार की सुबह 9 बजे जैसे ही मंडल कारागार से भाजपा नेता बाहर आए, समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। पूर्व विधायक ने कहा कि वह जनता के थे और जनता के रहेंगे। इसके लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के योगदान को सदा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी को पुन: प्रधानमंत्री पद पर सुशोभित होंगे।

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद: युवक ने दिया विवादित बयान, कहा- कीड़े-मकोड़े की तरह मसले जाएंगे हिंदू, गिरफ्तार!

संबंधित समाचार