रुद्रपुर: विद्युत कटौती से भड़के व्यापारियों ने किया एसई का घेराव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। त्योहारी सीजन के दौरान पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती से परेशान व्यापारियों ने यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और घेराव किया। उन्होंने कहा कि त्योहार का सीजन शुरू हो चुका है और विद्युत कटौती से ग्राहकों के अलावा दुकानदारों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सोमवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष संजय जुनेजा समेत तमाम व्यापारियों को लेकर अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे और वहां मौजूद अधीक्षण अभियंता शेखर चंद्र त्रिपाठी का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। उनका कहना था कि पिछले कुछ दिनों से रुद्रपुर के बाजार के इलाकों के अलावा वार्ड में अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है। जिसका कोई समय निर्धारित नहीं है और कटौती कई घंटे तक जारी रहती है। ऐसे में जहां लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

वहीं दीपावली का पर्व प्रारंभ होने से व्यापार पर भी इसका दुष्प्रभाव पड़ रहा है। जिसकी वजह से बाजार में ग्राहकों को आकर्षित करने की रौनक समाप्त हो रही है। उन्होंने आगाह किया कि यदि त्यौहार तक विद्युत कटौती हुई तो व्यापारी आंदोलन को बाध्य होंगे। इस मौके पर पवन गाबा, विनोद अनेजा, राज कुमार सिकरी, अंकित पाल, महेंद्र कोली, राकेश अधिकारी, जितेंद्र कुमार, प्रकाश पाल, महेशपाल, विक्की पाल, गोपी पाल, कमल सैनी, अजय गुप्ता, राजेश कुमार, गौरव छाबड़ा, उमेश कुमार, मनीष कनौजिया, अर्जुन छाबड़ा, सलमान मियां, विकास सक्सैना, निखिल पाल आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार