बरेली: सौ फुटा रोड पर पटाखों की पांच थोक दुकानों के लाइसेंस निरस्त, डीएम ने की कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीएफओ की रिपोर्ट पर डीएम ने की कार्रवाई, सुरक्षित स्थान पर ले जाने का आदेश

बरेली, अमृत विचार। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने सौ फुटा रोड पर घनी आबादी के बीच चल रही पटाखों की पांच थोक दुकानों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने तक उनका लाइसेंस निरस्त कर दिया है। इनमें एक पूर्व विधायक के बेटे की भी दुकान शामिल है।

यह भी पढ़ें- बरेली: अगर सड़क पर दिखे गौवंशीय तो मालिक की खैर नहीं, लगेगा पांच हजार रुपये का जुर्माना

पिछले दिनों जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट और मुख्य अग्निशमन अधिकारी समेत कई अफसरों की टीम गठित कर शहर में पटाखों की उन दुकानों के बारे में रिपोर्ट मांगी थी जो नियम-कायदों के खिलाफ चल रही हैं। टीम ने जांच कर जिलाधिकारी को दी अपनी रिपोर्ट में सौ फुटा रोड पर चल रही पटाखों की पांच थोक दुकानों को आबादी के लिए खतरा बताया था।

जांच रिपोर्ट के आधार पर सोमवार को जिलाधिकारी ने प्रतीक शर्मा की शर्मा ट्रेडर्स, रेशमा की मिलन ट्रेडर्स, मुकेश सिंघल की सिंघल फायर ट्रेडर्स, अंकुश पावा की हरदेव ट्रेडर्स और विशाल गंगवार की विशाल भाई पटाखा वाले की दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया। विशाल गंगवार भाजपा के विधायक रहे स्वर्गीय केसर के बेटे हैं। जिलाधिकारी ने आदेश में साफ किया है कि इन दुकानों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के बाद उनके लाइसेंस बहाल कर दिए जाएंगे।

सौ फुटा रोड पर आबादी के बीच कई और दुकानें
सौ फुटा रोड पर पटाखों की कई थोक दुकानें हैं जो घनी आबादी के बीच चल रही हैं और खतरा भी बनी हुई हैं। पिछले सालों में हर बार दिवाली से पहले इन दुकानों को नोटिस दिए जाते रहे हैं। दो बार लाइसेंस भी निरस्त किए गए लेकिन दिवाली से पहले ही बहाल कर दिए गए। इसके बावजूद जांच टीम ने सिर्फ पांच दुकानों के खिलाफ जिलाधिकारी को रिपोर्ट दी। साै फुटा रोड के अलावा मिनी बाईपास पर भी पटाखों की कई दुकानें घनी आबादी के बीच चल रही हैं।

पटाखों की पांच दुकानों का लाइसेंस निरस्त कर उन्हें आबादी से बाहर ले जाने का आदेश दिया गया है। सुरक्षित स्थान पर दुकानें स्थापित करने के बाद उनका लाइसेंस को बहाल कर दिया जाएगा लेकिन अगर दुकानें नहीं हटाई गईं तो कड़ी कार्रवाई होगी--- रविंद्र कुमार, डीएम।

यह भी पढ़ें- लंबित समस्याओं का जल्द से जल्द हो निस्तारण: डीएम रविन्द्र कुमार

संबंधित समाचार