बरेली: फर्जी प्रमाण पत्र के सहारे मृतका के खाते से निकाले 71 हजार रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ग्राम पंचायत से ससुरालियों ने महिला का बनवा लिया था फर्जी प्रमाण पत्र

बरेली, अमृत विचार। महिला की मौत के बाद फर्जी प्रमाण पत्र जारी कराकर उसके खाते से रुपये निकालने का मामला सामने आया है। मृतका के बेटे की शिकायत पर हुई जांच में आरोपों की पुष्टि हो गई है, हालांकि, फर्जीवाड़ा करने वाले की जिम्मेदारी तय करने के लिए मामले में स्पष्ट आख्या मांगी गई है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।

किला क्षेत्र के मोहल्ला कटघर निवासी मायादेवी की मौत 30 अगस्त 2019 को हो गई थी। इसके बाद नगर निगम से उनका मृत्यु प्रमाणपत्र जारी हो गया था। आरोप है कि मृतका के सुसराल पक्ष ने तथ्यों को छिपाकर दूसरा प्रमाण पत्र पिपरिया घाटगांव की ग्राम पंचायत से जारी कराया गया। इस प्रमाण पत्र के आधार पर 71,187 रुपये मायादेवी के खाते से निकाल लिए गए। मृतका के बेटे अमित कुमार ने शिकायत की। मामला संज्ञान में आने पर जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए थे।

 सहायक विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी ने जांच कर रिपोर्ट 30 अक्टूबर को डीएम के पास भेजी। जांच रिपोर्ट के मुताबिक महिला का मृत्यु प्रमाण पत्र फर्जी है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वेबसाइट को हैक करके प्रमाण पत्र जारी किया गया। अब इस मामले में डीएम ने स्पष्ट जांच आख्या मांगी है। पीडी डीआरडीए तेजवंत सिंह ने बताया कि मामले में प्रमाण पत्र के फर्जी होने की पुष्टि हो गई है, लेकिन बीडीओ से दोबारा जांच रिपोर्ट मांगी गई है, इससे संबंधित कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जा सके।

यह भी पढ़ें- बरेली: चंडीगढ़ में तैनात है ट्रेन में छेड़छाड़ का आरोपी फौजी, छुट्टी लेकर जा रहा था घर...रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार