उप्र: कड़ी सुरक्षा में आयोजित हुई यूपीएसईई 2020 परीक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश के इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेजों में प्रवेश के लिए राज्य प्रवेश परीक्षा (यूपीएसईई) का आयोजन रविवार का किया गया। अभी तक आयोजित हुई अन्य परीक्षाओं की तरह से यूपीएसईई में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों में कोरोना का खौफ देखने को मिला। ऐसे में 27 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस …

लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश के इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेजों में प्रवेश के लिए राज्य प्रवेश परीक्षा (यूपीएसईई) का आयोजन रविवार का किया गया। अभी तक आयोजित हुई अन्य परीक्षाओं की तरह से यूपीएसईई में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों में कोरोना का खौफ देखने को मिला। ऐसे में 27 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।

इस बारे में जानकारी देते हुए यूपीएसईई 2020 के समन्वयक प्रो. विनीत कंसल ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य प्रवेश परीक्षा में प्रथम और द्वितीय पाली में लगभग 73 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। इसमें प्रथम पाली में लगभग 72 प्रतिशत एवं द्वितीय पाली में लगभग 74 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस तरह से ओवरऑल परीक्षार्थियों में 27 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है।

केन्द्रों में सोशल डिस्टेसिंग के साथ मिला प्रवेश
सभी परीक्षा केन्द्रों पर सोशल डिस्टेसिंग का ध्यान रखते हुए परीक्षार्थियों को अंदर प्रवेश की अनुमति दी गयी। इस बारे में जानकारी देते हुए विश्वविद्यलय के प्रवक्ता आशीष मिश्रा ने बताया कि सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले बुला लिया गया था। पहले थर्मल स्कैनिंग की गयी उसके बाद हाथों को सैनिटाइज कराया गया, फिर केन्द्रों के अंदर प्रवेश की अनुमति दी गयी।

उन्होंने बताया कि ये परीक्षा प्रदेश व प्रदेश के बाहर कुल 206 सेंटरों पर सफलता पूर्वक सम्पन्न हो गयी। इसमें 187 परीक्षा केंद्र प्रदेश में एवं 19 परीक्षा केंद्र प्रदेश के बाहर बनाये गये थे। जिसमें प्रदेश के बाहर दिल्ली, चंडीगढ़, देहरादून, पटना, मुम्बई, भोपाल, जयपुर, रांची, रुड़की, कलकत्ता में परीक्षा केंद्र बनाये गये थे।

तीन पालियों में हुई परीक्षा
आशीष मिश्रा ने बताया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग की व्यवस्था की गयी थी। उन्होंने बताया कि परीक्षा तीन पालियों में सम्पन्न करवाई गयी। प्रथम पाली प्रातः 9 बजे से 11 बजे के मध्य, द्वितीय पाली पूर्वान्ह 12 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक एवं तृतीय पाली अपरान्ह 3.45 बजे से 6.15 बजे सम्पन्न हो गयी। उन्होंने बताया कि थर्मल स्कैनिंग में जिन अभ्यर्थियों का शारीरिक ताप 99.4 से अधिक पाया गया, ऐसे अभ्यर्थियों की 15 मिनट बाद पुनः थर्मल स्कैनिंग की गयी। इसके बाद भी जिन अभ्यर्थियों का शारीरिक ताप 99.4 से अधिक पाया गया उनकी परीक्षा आईसोलेशन रूम में सम्पन्न करवाई गयी।

कुलपति और कुलसचिव का पूरे दिन जारी रहा औचक निरीक्षण
राज्य प्रवेश परीक्षा के सफल आयोजन एवं कोविड-19 के दृष्टिगत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक एवं कुलसचिव नन्द लाल सिंह ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ एवं एनसीआर क्षेत्र के सेंटरों पर औचक निरीक्षण किया। प्रो पाठक और नन्द लाल सिंह को परीक्षा केन्द्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग, सेनेटाइजेशन और थर्मल स्कैनिंग आदि व्यवस्थाएं ठीक मिलीं‍।

कुलसचिव नन्द लाल सिंह ने बताया कि यूपीएसईई की प्रवेश परीक्षा में सोशल डिस्टेंसिंग और सेनेटाइजेशन की व्यवस्था विधिवत रही है। किसी भी अभ्यर्थियों को असुविधा नहीं हुयी है। उन्होंने बताया कि व्हाट्सएप बाट के माध्यम से प्रत्येक सेंटर की लाइव रिपोर्ट प्राप्त हुयी, जिससे समन्वयन में बहुत सुविधा हुई है। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि सभी नोडल ऑफिसर से बाट के माध्यम से जुड़े रहे। सभी परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश परीक्षा सफलता पूर्वक सम्पन्न हो गयी है। उन्होंने बताया कि उन्होंने एनसीआर के कई सेंटरों पर औचक निरीक्षण किया।

संबंधित समाचार