Kanpur News: बुखार से लिवर के बाद अब दिमाग में भी आ रही सूजन, हैलट और उर्सला अस्पताल में मरीजों की लगी भीड़
कानपुर के हैलट और उर्सला अस्पताल में मरीजों की लगी भीड़।
कानपुर के हैलट और उर्सला अस्पताल में मरीजों की भीड़ लगी। बुखार से लिवर के बाद अब दिमाग में भी सूजन आ रही।
कानपुर, अमृत विचार। पहले सिर और आंखों, उसके बाद शरीर में दर्द शुरू होते ही सतर्क हो जाएं, यह वायरल बुखार के लक्षण हैं। इसके लक्षण तो डेंगू जैसे हैं, लेकिन यह डेंगू नहीं है। रोज सैकड़ों मरीज वायरल बुखार की चपेट में आकर सरकारी व निजी अस्पताल में इलाज कराने पहुंच रहे हैं। ऐसे पीड़ितों में अब लिवर के साथ दिमाग में सूजन के मामले भी बढ़ गए हैं।
हैलट अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी में सोमवार को 400 मरीज इलाज कराने पहुंचे। इनमें से अधिकांश तेज बुखार, गले में दर्द, खांसी, जुकाम, शरीर व मांसपेशियों में दर्द से पीड़ित थे।
20 से अधिक गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर व व्हीलचेयर की मदद से परिजन ओपीडी कक्ष तक लाए, क्योंकि जोड़ों में तेज दर्द से वह चल नहीं पा रहे थे। बुखार पीड़ित तमाम मरीजों ने सिर व दिमाग में दर्द भी बताया। ओपीडी में 100 से अधिक मरीज दोबारा इलाज कराने आए थे। उधर, उर्सला अस्पताल में बुखार पीड़ित 250 से ज्यादा मरीज पहुंचे। करीब 80 मरीज दोबारा आए थे।
बुखार की वजह से मरीजों के लिवर में सूजन की समस्या के साथ ही अब दिमाग में हल्की सूजन देखने को मिल रही है। ऐसे मरीजों को मेडिसिन विभाग के साथ ही न्यूरोसांइस विभाग में इलाज कराने की सलाह दी जा रही है।- प्रो. जेएस कुशवाहा, मेडिसिन विभाग, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज।
बुखार ने युवाओं को भी बनाया गठिया का मरीज
अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ.रवि गर्ग ने बताया कि जिन लोगों में रूमेटाइड गठिया का मर्ज दबा था। उनमें यह बुखार से उभर गया है। ऐसे पीड़ितों में युवा भी शामिल हैं। करीब 50 फीसदी मरीज गठिया से ग्रस्त आ रहे हैं। हाई ग्रेड फीवर के बाद वायरल गठिया के रोगी अधिक आ रहे हैं।
49 घरों में मिला डेंगू का लार्वा
संचारी रोगों के नोडल अधिकारी व एसीएमओ डॉ.आरपी मिश्रा ने बताया कि सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 20 से अधिक मोहल्ले के करीब तीन हजार घरों का सर्वे किया। 49 घरों में डेंगू के लार्वा पाए गए, टीम ने मौके पर ही लार्वा को नष्ट किया। अलग-अलग जगहों पर 20 लोग डेंगू व 13 लोग मलेरिया के लक्षणयुक्त मिले। स्वरूप नगर व केशवपुरम आवास विकास में दो लोगों की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: मुहूर्त ट्रेडिंग में शहर से 300 करोड़ के कारोबार का अनुमान, शेयर में निवेश करने का शुभ मुहूर्त जानें…
