पंतनगर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बोलीं मुझे पता है पंतनगर में फत्तू के समोसे और आलू के पराठे प्रसिद्ध हैं...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पंतनगर, अमृत विचार। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि मुझे पता है कि पंतनगर में फत्तू के समोसे और आलू के पराठे बहुत प्रसिद्ध हैं। कभी दोबारा आने का मौका मिला तो फत्तू के समोसे का स्वाद लिया जाएगा। उनके इस संबोधन से पंडाल में बैठे छात्रों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।

यहां बता दें कि पंतनगर के बड़ा बाजार में पौड़ी गढ़वाल निवासी संजय बिष्ट की आइसक्रीम और समोसे की दुकान है। संजय ने बताया कि वर्ष 1960 में उनके पिता स्व. फतेह सिंह बिष्ट उर्फ फत्तू पंतनगर आ गये थे। 1970 में उनके पिता ने यहां समोसे की दुकान खोली थी। इस दुकान में जीबी पंत विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले हजारों छात्र और अधिकारी व कर्मचारी समोसा खाने आया करते थे। अगर किसी के पास पैसा नहीं होता था वे उसे मुफ्त में समोसा खिला देते थे। तब से उनकी यह दुकान पंतनगर में फत्तू समोसे के नाम से फेमस हो गयी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में भी छात्र व अधिकारी-कर्मचारी समोसा खाने आते हैं, लेकिन अब यह संख्या पहले की अपेक्षा घट गयी है। कारण लोग फास्ट फूड खाने लगे हैं। हालांकि उनके समोसे पहले की तरह फेमस हैं। इसी बात की जानकारी विश्वविद्यालय के किसी अधिकारी ने राष्ट्रपति बतायी। इसके बाद उन्होंने अपने संबोधन के अंत में फत्तू दुकानदार के समोसे की प्रशंसा की।   

 

संबंधित समाचार