काशीपुर: गन्ने की ट्राली में भिड़ी बस, किशोर यात्री घायल
काशीपुर, अमृत विचार। रामनगर से काशीपुर आ रही प्राइवेट बस के चालक ने गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। हादसे में बस की अगली सीट पर बैठा एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीरूमदारा, रामनगर पुलिस को दी तहरीर में मोहल्ला थानासाबिक निवासी नईम अहमद ने कहा है कि उसका 15 वर्षीय पुत्र मोहम्मद सुब्हान बीती 06 नवंबर को रामनगर से काशीपुर आ रहा था। वह प्राइवेट बस में अगली सीट पर बैठा था। बस के चालक ने लापरवाही से गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर और चेहरे की हड्डी फ्रैक्चर होने से वह बेहोश हो गया। उसे सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां से उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। उधर, पुलिस ने तहरीर अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी है।
