बहन की शादी के लिए चाचा के साथ बाइक से जा रहे भाई को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत, कोहराम
शहनाई वाले घर में छाया मातम, बहन की शादी से पहले भाई की उठी अर्थी, सड़क हादसे में चाचा गंभीर रूप से घायल
प्रयागराज। शादी वाले घर में बहन की शादी की तैयारी चल रही थी। भाई बुधवार को चाचा के साथ बाइक से बुआ के घर निमंत्रण देने जा रहा था। हंडिया फ्लाई ओवर के पास पहुंचते ही चार पहिया वाहन ने बाईक में जोरदार टक्कर मार दी। जिसमे युवक की मौत हो गयी। जबकि चाचा गंभीर रूप से घायल हो गये।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गयी। सूचना पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए भेज दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को सूचना कर दी। बेटे की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गये।
जानकारी के अनुसार झूसी थाना क्षेत्र के कनिहार गांव निवासी देवेंद्र कुमार उर्फ बंटू पुत्र रविन्द्र कुमार उर्फ बच्चू राम बुधवार को अपने चाचा बलराम के साथ अपनी बहन की शादी का कार्ड देने के लिए अपने बुआ के घर अहिरी गांव जा रहा था। वह जैसे ही हंडिया फ्लाईओवर पर पहुंचा तभी पीछे से आ रही अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसकी बाईक में जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जबकि चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची हंडिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल चाचा के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेटे की मौत के बाद घर में कोहराम मचा रहा।
